दीपावली से पहले हरियाणा के सफाई कर्मचारियों को वेतन देने की आयोग ने की सिफारिश, ₹525 टोकन राशि और मिठाई देने का भी आग्रह

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 10:57 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : दीपावली के पर्व पर प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के घरों में खुशियां सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने महत्वपूर्ण पहल की है। आयोग ने प्रदेश के सभी विभागों, नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पालिकाओं, बोर्डों और निगमों को सफाई कर्मचारियों का अक्टूबर माह का वेतन एवं मानदेय 6 नवंबर 2026 तक उनके बैंक खातों में शत-प्रतिशत जारी करने की सिफारिश की है। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों को ₹525 की टोकन राशि और मिठाई देने का भी आग्रह किया गया है।

हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से 4 नवंबर को जारी पत्र में सभी मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, नगर निगम आयुक्तों, जिला नगर आयुक्तों तथा विभागाध्यक्षों और प्रबंध निदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है। यह पत्र आयोग के अध्यक्ष के निर्देशानुसार जारी किया गया है।

नियमित से लेकर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों तक को मिलेगा लाभ
आयोग ने अपनी सिफारिश में स्पष्ट किया है कि प्रदेश में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी सफाई कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसमें नियमित कर्मचारियों के अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) के तहत कार्यरत कर्मचारी, अनुबंधित कर्मचारी, डोर-टू-डोर सफाई कर्मचारी, पार्ट टाइम कर्मचारी तथा आउटसोर्सिंग एजेंसियों और ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों को भी शामिल किया गया है। आयोग ने आग्रह किया है कि अक्टूबर माह का वेतन अथवा पारिश्रमिक हर हाल में 6 नवंबर तक संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में पहुंचाया जाए, ताकि वे समय रहते अपने परिवारों के साथ दीपावली की तैयारियां कर सकें।

₹525 की टोकन राशि और मिठाई देने की सिफारिश
आयोग ने सफाई कर्मचारियों के योगदान, मेहनत और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से ₹525 की टोकन राशि तथा मिठाई का उपहार देने की भी सिफारिश की है। इस संबंध में वित्त विभाग, हरियाणा सरकार के 12 नवंबर 2002 के परिपत्र का हवाला दिया गया है। आयोग ने सभी सक्षम अधिकारियों से अपने-अपने स्तर पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

दिन-रात मेहनत करने वाले स्वच्छता प्रहरियों के सम्मान पर जोर
आयोग ने पत्र में कहा है कि सफाई कर्मचारी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में मेहनत करके प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाए रखने में अमूल्य योगदान देते हैं। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को सम्मान, गरिमा और खुशहाली के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलना चाहिए। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) और कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। आयोग का कहना है कि सफाई मित्रों और स्वच्छता प्रहरियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए समय पर वेतन भुगतान और त्योहार पर उपहार की व्यवस्था की जाए, ताकि उनके परिवारों के घरों में भी दीपावली का पर्व खुशियों और रोशनी के साथ मनाया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static