''एक विधानसभा में 15 हजार से ज्यादा वोटों की चोरी कर छीनी कांग्रेस की सरकार, जस्सी पेटवाड़ ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को घेरा
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 04:29 PM (IST)
सोनीपत (सुशील मोर): सोनीपत में कांग्रेस भवन से कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर एक बार फिर सियासी मोर्चा खोल दिया। नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को सोनीपत जिले का ऑब्जर्वर बनाया गया है। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जस्सी पेटवाड़ ने दावा किया कि देश में करीब 13 करोड़ लोगों के वोट काटे गए हैं। उनके मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनाव से शुरू हुआ वोट चोरी का खेल हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विधानसभा क्षेत्र में 15 हजार से ज्यादा वोटों की चोरी हुई और इसी तरह वोटों की हेराफेरी करके कांग्रेस की सरकार छीनी गई।
कांग्रेस अब इस मुद्दे को केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं रखना चाहती।पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाते हुए वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। जस्सी पेटवाड़ ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से सवालों के जवाब नहीं मिल रहे, जबकि बीजेपी के प्रवक्ता जवाब देते नजर आते हैं।
वोट चोरी के आरोपों से आगे बढ़ते हुए जस्सी पेटवाड़ ने केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को नाकारा और नाकाम बताते हुए कहा कि 12 साल में ये लोग देश के संविधान को सुरक्षित नहीं रख पाए। गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर चाणक्य जैसे गृह मंत्री के शासनकाल में भी देश में अराजकता फैल रही है तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर सरकार देश में अराजकता रोकने में नाकाम है तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)