कांग्रेस हाई कमान बिना ब्लैकमेल हुए  अपने ऊपर भरोसा कर  फैसला ले,वरना भाजपा और आप का मुकाबला कैसे होगा: गोगी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 26, 2022 - 08:59 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी):असंध के विधायक शमशेर सिंह गोगी ने पंजाब केसरी से बातचीत करते हुए कांग्रेस आलाकमान को एक स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि कांग्रेस को आज ऐसी स्थिति में ब्लैकमेल होनेे की बजाए अपने पर भरोसा रख कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बारे फैसला लेना चाहिए।कांग्रेस हाई कमान बिना ब्लैकमेल हुए  अपने ऊपर भरोसा कर  फैसला ले,वरना भजपा और आप का मुकाबला कैसे होगा?

 साफ तौर पर उनका इशारा भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दबाव से बचने का था। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस दबाव में आई तो आने वाले समय में यह समस्या और  विकराल रूप धारण करेगी। इस महत्वपूर्ण विषय पर शैलजा ग्रुप के गोगी ने कहा कि कुमारी शैलजा ने सम्मानपूर्वक हाईकमान से संगठन बनाने की बात कही है। क्योंकि बिना संगठन कार्य करना संभव नहीं है। कई बार केंद्रीय मंत्री रही कुमारी शैलजा ने हमेशा अपना एक स्टैंडर्ड बरकरार रखा है और पूरी उम्र उन्होंने सम्मानजनक राजनीति की। इस कारण से उन पर आज तक कोई उंगली नहीं उठी और पार्टी में बैठे विरोधियों को इसी कारण उनसे तकलीफ है। गोगी ने कहा कि लगातार ढाई साल से संगठन बनाने की कोशिशें कुमारी शैलजा की रही। अब फैसला हाईकमान का है कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बारे क्या सोचा है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस ऐसी कोई गलती करेगी जिससे कांग्रेस कमजोर होगी।

प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए मुझ पर पार्टी विचार करें तो कोई बुराई नहीं, मैं भी इसके लिए लायक: गोगी

गोगी ने कहा कि अगर शैलजा का प्रदेशाध्यक्ष पद कुछ लोगों को हजम नहीं हो रहा तो कांग्रेस पार्टी को कोई अच्छा विकल्प ढूंढना चाहिए। वन वे ट्रैफिक पर कांग्रेस के लिए चलना फायदेमंद नहीं होगा। गोगी ने कहा कि मैं एक सीनियर व्यक्ति हूं। अगर कांग्रेस चाहे तो मुझ पर भी विचार कर सकती है। मैं इस दौड़ में नहीं हूं। लेकिन इस पद के लिए पूरी तरह से लायक हूं। कांग्रेस पार्टी हमेशा धर्म- जाति समीकरणों के अनुसार सभी को साथ लेकर आगे चलने वाली पार्टी है। मैं इंसानियत की राजनीति करने वाला व्यक्ति हूं। मैं एक अच्छा इंसान हूं और अच्छा इंसान होना ज्यादा महत्वपूर्ण है। अगर मुझ पर हाईकमान विचार करें तो इसमें कोई बुराई नहीं है। मैं एक आम आदमी हूं और मेरे जैसे किसी आम आदमी को कांग्रेस बनाए तो ज्यादा बेहतर होगा। अगर आम आदमी को नहीं बनाना तो फिर कुमारी शैलजा से अच्छा विकल्प कोई नहीं हो सकता। क्योंकि कुमारी शैलजा के काम में कोई भी कमी नहीं है। लेकिन इगो प्रॉब्लम के कारण ऐसा माहौल बनाया जा रहा है।

गलत फैसला लिया तो जिम्मेदार होंगे दिल्ली में बैठे लीडर भी :गोगी

गोगी ने हाईकमान को इस गंभीर विषय पर गलत फैसला लेने से बचने का संदेश देते हुए कहा कि अगर ऐसे मौके पर गलत फैसला हुआ तो इसका जिम्मेदार लोकल लीडरों के साथ-साथ दिल्ली में बैठे लीडर भी होंगे। अगर कोई फैसला लेना है तो सभी नेताओं को विश्वास में लेकर लेना होगा। मेरे सुझाव के अनुसार कांग्रेस को कोई ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे कांग्रेस कमजोर हो। कांग्रेस किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं जीतती। सभी लोग कांग्रेस की वजह से जीते हैं। हमेशा मर्यादा में रहकर राजनीति करने वाली कुमारी शैलजा की बजाए किसी अन्य व्यक्ति को पद पर बिठाना बेहद नुकसान की बात रहेगी। शैलजा को भी कॉन्फिडेंस में लेकर फैसला लेना अति आवश्यक है। आज प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में पूरा माहौल है। अगर यह माहौल बिगड़ा तो हमारे नेता इसके जिम्मेदार होंगे। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जिन लोगों को लड़ाई लड़नी चाहिए, वह आपस में एक दूसरे को ऊंचा नीचा दिखाने में लगे हुए हैं। 2 साल के बाद चुनाव होंगे लेकिन मुख्यमंत्री तभी कोई बनेगा जब 46 विधायक जीतकर आएंगे। उसके लिए संगठित होकर दिन रात काम करना होगा। एक दूसरे को इज्जत देनी होगी। अगर आपस में बैठ कर बड़े-बड़े नेता बात नहीं कर सकते तो नई लीडरशिप पैदा कर लो।

सत्तापक्ष जानता है कि फिर सत्ता में नहीं आएंगे इसलिए उन्होंने सत्यानाश का ठेका उठाया है :गोगी

इस मौके पर सत्ता पक्ष भारतीय जनता पार्टी पर टिप्पणी करते हुए गोगी ने कहा कि आज सत्ता पक्ष ने मान लिया है कि हम सत्ता में आगे नहीं आ पाएंगे।इसलिए उन्होंने सत्यानाश करने का ठेका ले लिया है। जिले से बाहर तूड़ी नहीं बेच सकने का आर्डर बेहद आश्चर्यजनक है। कल तक तूड़ी को संभाल कर रखना, नहीं जलाने, पराली की गांठ बांधकर बेचने की बात करने वाले यह लोग आज जब किसान अपनी तूड़ी बेचने लगा तो उसके ऊपर तानाशाही आर्डर लगा दिया गया। कल तूफान में मेरे विधानसभा क्षेत्र असंध में करीब 20 गांवों की तुडी में आग लग गई। पूरी रात प्रशासन भागा फिरा। कई कूप जल गए। गोदाम में आग पहुंच गई। किसानों का बड़ा नुकसान हुआ। बिजली भाग गई। पानी की उचित व्यवस्था नहीं थी।कुछ समय पहले लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए दिल्ली धरने पर बैठने के लिए सिख जा रहे थे तो वह खालिस्तानी और आतंकवादी थे। दिल्ली के रास्ते बंद कर दिए गए थे। आज बड़े बड़े त्यौहार वोटों के लालच में मनाए जा रहे हैं। ऐसे वोट नहीं मिलते। हर चीज में जब सरकार वोट ढूंढे तो भला नहीं हो सकता।

अगर हम एकजुट होकर काम करें तो "आप" से डरने की जरूरत नहीं : गोगी

आम आदमी पार्टी की तरफ लगातार कांग्रेसी नेताओं कार्यकर्ताओं के पलायन पर बोलते हुए गोगी ने कहा कि अगर सभी कांग्रेसी नेता आपसी मनमुटाव मिटाकर सही ढंग से काम करें तो आम आदमी पार्टी से डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। लेकिन अगर ऐसे ही चलते रहे तो डरना होगा, इसमें भी कोई दो राय भी नहीं है। आम आदमी पार्टी का बुलबुला आया था। जब पंजाब में आम आदमी पार्टी जीती तो लोगों को लगा कि सारी जगह केजरीवाल चुनाव जीतेंगे। लेकिन अब लगातार एक महीने से पलायन की कोई खबर नहीं है। अब गांव में जाकर किसी एक आध व्यक्ति के गले में पटका डालकर पार्टी में शामिल करवाया जा रहा है। इसे आम आदमी पार्टी का प्रभाव नहीं माना जा सकता। हरियाणा में आम आदमी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है। अगर यह पार्टी हरियाणा में स्टैंड करती है तो यह केवल कांग्रेसी नेताओं की कमजोरी और आपसी मनमुटाव के कारण संभव हो पाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static