कांग्रेसी विधायक ने की रंजीत सिंह व स्पीकर की खुलकर तारीफ, PM के बयान पर दी तीखी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 08, 2021 - 07:41 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): फरीदाबाद एनआईटी से विधायक नीरज शर्मा ने जहां देश के प्रधानमंत्री के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं हरियाणा विधानसभा स्पीकर और बिजली मंत्री की तारीफ भी की। मंगलवार को वह चंडीगढ़ पहुंचे थे। जहां पंजाब केसरी ने उनसे बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने देश से कांग्रेस की घटती लोकप्रियता और ताकत के लिए कमजोर नेतृत्व, गुटबाजी, गलत टिकटों का बटवारा समेत कई कारण बताएं। उन्होंने कहा कि मैं भले ही कांग्रेस पार्टी का विधायक हूं, लेकिन अच्छे को अच्छा और गलत को गलत कहना एक अच्छी बात होती है।

हालांकि नीरज शर्मा हमेशा एक बेबाक अंदाज में अपनी बात को रखते हैं। लेकिन उनकी टिप्पणियां केवल विपक्ष पर ही नहीं थी। बल्कि स्वयं की पार्टी कांग्रेस को भी उन्होंने आईना दिखाने का काम किया। गौरतलब है कि लाल किला से आगरा के बीच में 3 प्रदेशों दिल्ली-हरियाणा और उत्तर प्रदेश की काफी विधानसभा सीटें लगती हैं। इतने लंबे डिस्टेंस के बीच कांग्रेस के वह एकमात्र विधायक हैं। जबकि एक दौर में कश्मीर से कन्याकुमारी तक कांग्रेस ही कांग्रेस थी। लेकिन आज कांग्रेस हाशिए पर चली गई है। शर्मा ने इसके लिए कमजोर नेतृत्व, कमजोर संगठन, गुटबाजी समेत कई कारण बताएं।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का विधायक हूं। लेकिन अच्छे को अच्छा और बुरे को बुरा कहना एक अच्छी बात होती है। सरकार के बिजली मंत्री रंजीत सिंह चौटाला जैसा मंत्री मैंने जीवन में कभी नहीं देखा। अपने कार्य के प्रति वफादार और बिना राजनीतिक द्वेष के काम करने वाले वह शख्स हैं। वहीं नीरज ने कहा कि उन्होंने झारखंड, दिल्ली और हरियाणा के बहुत से स्पीकर देखे, लेकिन ज्ञान चंद गुप्ता एक निष्पक्ष और सुलझा हुए हरियाणा के स्पीकर हैं। 

PunjabKesari, haryana

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की तारीफ में कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश का होता है न कि एक दल का। उस नाते वह जब भी किसी सामाजिक काम के लिए मुख्यमंत्री से मिले। मुख्यमंत्री से कभी नकारात्मक जवाब नहीं मिला। वह एक सकारात्मक सोच के व्यक्ति हैं। लेकिन शर्मा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान पर करारी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आपदा में चील-गिद्ध-कौवे जैसे मांस नोचने वाले अवसर खोजते हैं। आपदा में अवसर खोजने की बजाय आपदा में सेवा को अपनाना पड़ेगा। उन्होंने नसीहत दी कि मूल मंत्र को बदलने की आवश्यकता है।

नीरज शर्मा नें विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सत्ता पक्ष पर कई आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद सिविल सर्जन के पास 7200 रेमडेसिविर इंजेक्शन स्टॉक में पड़े हैं। इस तरह ही पूरे प्रदेश के सिविल सर्जन के पास 70 हजार और एचसीएमएल के पास एक लाख यानि 1 लाख 70 हजार इंजेक्शन स्टॉक में रखे हैं। लेकिन यह लोग इस बात को ओपन नहीं कर रहे। अगर समय रहते यह ना संभाले गए तो अक्टूबर-नवंबर में यह एक्सपायरी हो जाएंगे और  जनता के 50 से 60 करोड़ रुपए नालियों में बहाने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता वैक्सीन लगवाना चाहती है। लेकिन 18 से 45 वर्ष के बीच के लोगों को बहुत ज्यादा दिक्कत आ रही है। यह कैसा राम राज्य है। राम के राज्य में तो सभी एक समान थे। लेकिन आज कहीं यह वैक्सीन 150 रुपए में, कहीं 250 में और कहीं-कहीं तो प्राइवेट अस्पताल संचालक इसे 1000 से 1500 रुपए तक लगा रहे हैं। बाहर से वैक्सीन खरीद कर देश का पैसा बाहर भेजना ठीक नहीं है और जो योजना केंद्र ने स्टेट के बारे में अलग-अलग बोली लगाने की बनाई है। इससे जनता के पैसे की लूट होगी और प्राइवेट लोग मालदार हो जाएंगे। ब्लैक फंगस आए को लंबा समय बीत गया, लेकिन अभी तक इसके टीके का प्रबंध नहीं हो पाया। अगर यह चाहते तो अब तक खुद टीके तैयार करवा सकते थे, लेकिन यह आपदा में अवसर तलाश रहे हैं।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static