कांग्रेस संगठन में दलबदल करके आए लोगों की बजाए मूल कांग्रेसियों को मिले ओहदे: अनिल धंतौड़ी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 13, 2021 - 08:51 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : ऑल इंडिया कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अनिल धंतौड़ी (पूर्व विधायक शाहबाद) ने कांग्रेस आलाकमान से मांग की है कि दलबदल कर कांग्रेस में आने वाले नेताओं की जगह स्थाई रूप से कांग्रेस से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रांतीय संगठन, जिला और ब्लॉक लेवल पर जगह दी जाए। क्योंकि चुनाव के दौर में एक दूसरे दलों से आवागमन लगा रहता है। ऐसे कुछ चेहरे विधायक भी बन जाते हैं। कांग्रेस के प्रति समर्पित लोगों को संगठन में उचित स्थान देने से यह जगह संदेश जाएगा कि कांग्रेस अपने वफादार लोगों को हमेशा तवज्जो देती है।

धंतौड़ी ने कहा कि कांग्रेस संगठन के जल्दी बनने वाले स्वरूप में युवा चेहरों को भी ज्यादा स्थान दिया जाना जरूरी है। क्योंकि मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले वोटरों में 45 से 50 फ़ीसदी युवा वर्ग होते हैं। युवा वर्ग को जितनी अधिक अहमियत संगठन में मिलेगी, उतना ही हमारा संगठन ऊर्जावान बनेगा। प्रदेश कांग्रेस संगठन शीघ्र बनना चाहिए। देश का युवा बहुत ऊर्जावान है और वह पार्टी के लिए ज्यादा मेहनत/ज्यादा भागदौड़ कर सकता है। जिसकी आज अति आवश्यकता है। धंतौड़ी ने कहा कि संगठन की आवश्यकता इस वक्त ब्लॉक लेवल तक है और कांग्रेस के प्रति आस्था रखने वाले लोगों का नाता कांग्रेस से शुरू से है। उसके बावजूद ऐसे बहुत से लोग पार्टी से दूरियां बना रहे हैं। यह चिंता का विषय है।इसलिए इन्हें इनकी मेहनत और पार्टी के प्रति निष्ठा का इनाम इन्हें संगठन में शामिल कर देना चाहिए।

धंतौड़ी ने कहा कि विधायक बन चुके लोगों की भी संगठन में जनप्रतिनिधि होने के नाते जिम्मेदारियां लगानी चाहिए। लेकिन जन्मजात वह कांग्रेसी जिनके खून के एक- एक कतरे में कांग्रेस बसती है, उन लोगों को भी अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। धंतौड़ी ने कहा कि कोई भी संगठन किसी भी राजनीतिक दल के लिए रीड की हड्डी का काम करता है। कांग्रेस निसंदेह एक मजबूत राष्ट्रीय राजनीतिक दल है। कांग्रेस में विचारधारा और विश्वास रखने वाले लोगों का पलायन रोकना भी कांग्रेस संगठन का कर्तव्य बनता है। कांग्रेस सदैव सर्वधर्म सद्भाव की नीति पर चलने वाला दल है। जाति-धर्म और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर कांग्रेस नहीं चलती। कांग्रेस की मूल धारा 36 बिरादरी के लोगों को साथ लेकर चलने की रहती है।

धंतौड़ी ने किसान आंदोलन पर बोलते हुए कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और अन्नदाता का तिरस्कार उचित नहीं है। आज किसान लंबे समय से सड़कों पर धूल-मिट्टी-आंधी-तूफान में बैठा है। केंद्र सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द-से-जल्द इसका समाधान निकालना चाहिए। विभिन्न स्थानों पर आज किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस व प्रशासन को टकराव की स्थिति उत्पन्न करने से बचना चाहिए और सरकार को किसानों के खिलाफ सभी दर्ज मुकदमे जल्द-से-जल्द वापस लेने चाहिए।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static