कुलदीप के डैमेज कंट्रोल के लिए कांग्रेस को बनानी होगी रणनीति, धीरे-धीरे अलग हो रहे हैं गैर जाट कांग्रेस नेता

punjabkesari.in Thursday, Jul 14, 2022 - 08:57 AM (IST)

फरीदाबाद : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कुलदीप बिश्रोई कभी भी कांग्रेस से इस्तीफा दे सकते हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति चुनाव के बाद वे भाजपा का दामन थाम लेंगे। कुलदीप बिश्रोई के कांग्रेस से अलग होने के बाद पार्टी में होने वाले डैमेज को कंट्रोल करने के लिए यदि कांग्रेस ने कोई रणनीति नहीं बनाई तो आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए मुश्किलों भरा हो सकता है क्योंकि पिछले डेढ़ दशक में कांग्रेस छोडऩे वाले गैर जाट नेताओं की एक लंबी सूचि है और कुलदीप बिश्रोई के पार्टी छोडऩे के बाद कांग्रेस के पास कोई मजबूत गैर जाट नेता नहीं बचेगा जिसे पार्टी चेहरा बनाकर पेश कर सके।

वर्ष 2005 में कांग्रेस ने भजनलाल के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बिठा दिया था। उसी दौरान पार्टी से नाराज होकर पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल व कुलदीप बिश्रोई ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। केवल भजनलाल ही नहीं इसके अलावा पार्टी को अलविदा कहने वाले गैर जाट नेताओं की एक लंबी सूचि है जिसमें सांसद अरविंद शर्मा, सांसद रमेश कौशिक, पूर्व मंत्री विनोद शर्मा, पूर्व मंत्री राव इंद्रजीत, पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता, पूर्व सांसद अवतार भड़ाना, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर और अब एक बार फिर कुलदीप बिश्रोई शामिल हैं।

कारण चाहे जो भी रहे हों लेकिन बड़ी संख्या में कांग्रेस से गैर जाट नेताओं का बाहर जाना पार्टी के लिए अच्छे संकेत नहीं है। किसी भी एक बिरादरी पर आश्रित रहकर कोई भी दल सत्तासीन नहीं हो सकता। वर्तमान में यदि कांग्रेस की स्थिति पर चर्चा की जाए तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी, दीपेंद्र हुड्डा सभी जाट समुदाय से हैं। कैप्टन अजय यादव की स्थिति प्रदेश में मजबूूत नेता की नहीं है। इसलिए कांग्रेस को सत्तासीन होने के लिए न केवल गैर जाट नेताओं को पार्टी से अलग होने से रोकना होगा बल्कि गैर जाट नेताओं के लिए पार्टी में अनुकूल माहौल बनाकर उन्हें सम्मान भी देना पड़ेगा। अन्यथा आने वाले चुनाव में भी कांग्रेस्र के पास हाथ मलने के सिवाय कोई चारा नहीं रहेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static