कोरोना काल: हरियाणा में 250 पहुंचा कुल आंकड़ा, 158 लोग ठीक भी हो घर पहुंचे, पढ़ें

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2020 - 11:45 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा में बुधवार को कुल मरीजों का आंकड़ा 250 पहुंच गया। सोनीपत और गुरुग्राम में 4-4 और अम्बाला में 1 नया मरीज सामने आया है। गुरुग्राम के चार अलग-अलग इलाकों से 4 केस मिले,जबकि सोनीपत में एक स्टाफ नर्स और तीन मुस्लिम व्यक्ति एक ही परिवार के पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में 11 मरीज ठीक होकर घर भी गए। इसमें अम्बाला से 3, फरीदाबाद से 4, नूंह से 2 और पलवल व पंचूकला से 1-1 मरीज ठीक होकर घर गया।

दिल्ली काम करने वाली स्टाफ नर्स हुई पॉजिटिव
दिल्ली में में काम करने वाली सोनीपत की स्टाफ नर्स पॉजिटिव मिली है। इसके साथ-साथ तीन मुस्लिम पॉजिटिव मिले हैं। जो एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। वे गुड़ मंडी के रहने वाले हैं। उन्हें वहीं क्वारैंटाइन किया गया था। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सभी चारों मरीजों को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवा दिया गया है। सोनीपत के सिविल सर्जन बीके राजौरा ने बताया कि सोनीपत में कोरोना के चार केस और पॉजिटिव आये हैं। पॉजिटिव आए तीन मुस्लिम समुदाय के लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है। सोनीपत में पाजिटिव मामलों की संख्या 9 से बढ़कर 13 हो गई है।

गुरुग्राम में सोहना, पटौदी, झाड़सा और सेक्टर-39 से मिले नए मामले
गुरुग्राम में एक-एक सप्ताह के गैप के बाद तेजी से मरीज सामने आ रहे हैं। बुधवार को चार नए मरीज मिले। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। चार नए मरीजों में एक सोहना, एक पटौदी, एक झाड़सा और एक सेक्टर-39 से सामने आया है। जिला के अलग-अलग क्षेत्रों से केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग की परेशानी और बढ़ गई है। ऐसे में अब इन पेशेंट के संपर्क में आए लोगों को भी क्वारैंटाइन किया जा रहा है। कोरोना के नए संक्रमितों की पहचान के लिए जिले में रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग भी शुरू की जा चुकी है। मंगलवार को दूसरे दिन भी 50 से ज्यादा संदिग्धों की रैपिड जांच की गई थी।

अब कुल 103 एक्टिव मरीज बचे
हरियाणा में अब अस्पतालों के अंदर 103 एक्टिव मरीज मौजूद हैं। अभी भी नूंह जिले में ही सबसे ज्यादा 29 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, क्योंकि मरीजों का आंकड़ा इसी जिले में टॉप पर था। हरियाणा के चरखी दादरी, फतेहाबाद, जींद, करनाल, रोहतक, सिरसा और यमुनानगर में अब कोई भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं बचा है। सब ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं अम्बाला, भिवानी, हिसार और पानीपत में महज 1-1 मरीज बचा है।

प्रदेश में अब संक्रमित मरीजों की जिलेवार संख्या
राज्य में संक्रमित का आंकड़ा 250 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। फरीदाबाद में 43, गुरुग्राम में 41, पलवल में 34, पंचकूला में 18, सोनीपत में 13, अम्बाला में 12, करनाल में 6, पानीपत में 5, सिरसा चार, यमुनानगर व भिवानी में 3-3, कैथल, हिसार, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, रोहतक और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला है। इसके साथ-साथ मेदांता अस्पताल गुडग़ांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा हुआ है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 264 बनता है।

हरियाणा में 133 पहुंचा जमातियों का कुल आंकड़ा
प्रदेश में मिले कुल संक्रमित में से जमातियों की संख्या 133 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले के हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 31, फरीदाबाद में 23, गुरुग्राम में 15, अम्बाला में 5, पंचकूला में 7, यमुनागर में तीन, भिवानी में 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला है। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया था।
 

144 मरीज ठीक होकर पहुंचे घर
हरियाणा में अब कुल 144 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 28, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में 26-26 मरीज, अम्बाला में 10, करनाल में 5, सिरसा और पानीपत में 4-4, यमुनानगर और पंचकूला में 3-3, सोनीपत और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार में 1-1 मरीज ठीक हुआ है। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 158 बनता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static