Couple Suicide Case : मामले में अब तीसरी युवती पर ब्लैकमेलिंग के आरोप, वीडियो से जांच में आया नया मोड़...पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 12:28 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में एक युवक और शादीशुदा महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने के मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। दोनों झांसा रोड स्थित एक पार्किंग में पहुंचे थे, जहां एक अन्य युवती के साथ उनकी कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद युवक वीरेन और महिला की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीसरी युवती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान मिर्जापुर निवासी वीरेन के रूप में हुई है। महिला शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां बताई गई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। महिला एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट और वीरेन लैब में काम करता था।

1 सितंबर को स्कूटी से वीरेन से मिलने पहुंची थी युवती
परिजनों के अनुसार, 1 सितंबर को एक अन्य युवती वीरेन से मिलने पहुंची थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ। आरोप है कि युवती वीरेन पर दबाव बना रही थी और पैसे की मांग कर रही थी। इसके बाद 2 सितंबर को वीरेन और महिला झांसा रोड की पार्किंग में पहुंचे, जहां उक्त युवती भी आ गई।

तीनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान वीरेन और महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। बाद में दोनों बाइक से मां भद्रकाली मंदिर की पार्किंग में पहुंचे, जहां उनकी हालत बिगड़ गई और वे उल्टियां करने लगे। मंदिर प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया
घटना के बाद सामने आए वीडियो में वीरेन एक युवती की तरफ इशारा करते हुए दिखाई दे रहा है। वह दोनों के रिश्ते और तीसरी युवती की कथित भूमिका को लेकर आरोप लगाता नजर आता है। वीडियो में युवती वीरेन को जानने से इनकार करती दिखाई देती है। पुलिस अब वीडियो सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस बोली- हर पहलू से जांच जारी
थाना कृष्णा गेट पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। 

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static