विधानसभा में कोविड वैक्सीनेशन कल से, पहले कर्मचारियों व उसके बाद परिजनों का होगा टीकाकरण

punjabkesari.in Sunday, May 23, 2021 - 09:53 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने विधान सभा सचिवालय के कर्मचारियों को कोविड-19 से बचाने के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। इसके लिए सचिवालय के सभी कर्मचारियों और उनके परिजनों का वेक्सिनेशन करवाया जाएगा। यह वेक्सिनेशन सोमवार से विधान सभा परिसर में ही होगा। इसके लिए हरियाणा स्वास्थ्य विभाग और विधान सभा सचिवालय ने तैयारी पूरी कर ली है। 

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि विधान सभा सचिवालय का प्रत्येक कर्मचारी और उनके परिजन उनके पारिवारिक सदस्य की तरह हैं। उनके स्वास्थ्य की चिंता करना उनका दायित्व है। इसके मद्देनजर विधान सभा के कर्मचारियों और उनके परिजनों का कोरोना से बचाव के लिए विधान सभा में वेक्सिनेशन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सोमवार से यह वेक्सिन कर्मचारियों और अधिकारियों को लगेगी। उसके बाद अगले दिनों में उनके परिजनों को भी टीकाकरण के लिए विधान सभा बुलाया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत पहले 18 से 45 आयु वर्ग के कर्मचारियों का टीकाकरण होगा। इसके लिए कर्मचारियों ने व्यक्तिगत रूप से पंजीकरण करवाया है।

विधान सभा सचिवालय ने प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख कर विधान सभा परिसर में टीकाकरण की व्यवस्था करने को कहा है। इस पत्र पर कार्यवाही करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दो डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी इस कार्य के लिए लगा दी है। गौरतलब है कि विधानसभा कर्मचारियों को कोरोना से बचाने के लिए यहां 50 फीसदी कर्मचारियों को ही ड्यूटी पर बुलाया जा रहा है। इन सभी कर्मचारियों को मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए विशेष हिदायतें जारी की गई हैं। इसके अलावा परिसर को नियमित रूप से सेनिटाइज किया जाता है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static