रेलवे ट्रैक पर मिले 2 दोस्तों के शव, परिजन जता रहे हत्या की आशंका

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 11:08 AM (IST)

टोहाना (वधवा) : गांव ललौदा व अमानी के बीच रेल ट्रैक पर गांव फतेहपुरी के 2 जिगरी दोस्तों के रेल ट्रैक पर ट्रेन से कटे शव बरामद हुए हैं। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है व गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। दोनों मृतक युवकों का जी.आर.पी. पुलिस द्वारा नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। धन्ना भगत जयंती के उपलक्ष्य में ग्रामीणों द्वारा रखे गए अखंड पाठ का भोग भी आज डाला जाना था लेकिन पूरे गांव में दोनों होनहार युवकों की मौत से गमगीन माहौल बना हुआ है।

दोनों मृतक युवक 23 वर्षीय हरप्रीत 22 वर्षीय निर्मल गुरुवार देर शाम घर से गए थे और सुबह लगभग 9 बजे उन्हें रेल  ट्रैक पर दोनों के कटे शव पड़े होने की जानकारी मिली। तब जी.आर.पी.  को सूचित किया और कार्रवाई शुरू कर दी।गांव के सरपंच सोनी सिंह ने बताया कि 23 वर्षीय हरप्रीत आर्मी में सिपाही के पद पर कार्यरत था। जिसकी लगभग 2 वर्ष पूर्व ही नौकरी लगी थी और लेह लद्दाख के निम्बू क्षेत्र में 6 सिख यूनिट में कार्यरत था।

जो 13 फरवरी को 40 दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था और 23 मार्च को वापस ड्यूटी पर जाना था। उन्होंने बताया इससे पूर्व अपने एक अन्य साथी को आर्मी में नौकरी लगने पर 21 फरवरी को सुबह छोडऩे के लिए हिसार जाना था। उसका जिगरी दोस्त मृतक 21 वर्षीय निर्मल होमगार्ड में कार्यरत था।

दोनों मृतकों पर आश्रित था उनका परिवार
दोनों मृतक दोस्तों का परिवार निर्धन है तथा दोनों परिवार ही मृतकों पर आश्रित थे। मृतक हरप्रीत का छोटा भाई मनप्रीत है। जो अभी शिक्षा ग्रहण कर रहा है और आर्मी की तैयारी कर रहा है। मृतक पर ही परिवार का पालन-पोषण करने की जिम्मेदारी थी। मृतक का पिता मजदूरी करता है। मृतक निर्मल का बड़ा भाई सुरजीत मजदूरी करता है। निर्मल होमगार्ड में कार्यरत होने के कारण अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतक युवक जिगरी दोस्त थे। जब भी हरप्रीत छुट्टी पर गांव आता था तो उसका अधिकतर समय दोस्त निर्मल के साथ बीतता था। उन्होंने बताया दोनों मृतक एक साथ ही किसी कार्य, खेलने या अन्य कार्य के लिए इकट्ठे समय बिताते थे। दिन के 12 घंटों में लगभग समय में इक_े रहते थे। मृतकों के परिजनों को भी दोनों दोस्तों पर इतना विश्वास था अगर कुछ देर तक घर नहीं लौटते तो उन्हें दोनों दोस्तों के परिजन एक दूसरे के घर पता कर दोनों को इक_े होने की जानकारी पाकर शांत हो जाते थे अगर कहीं बाहर जाना होता था तो दोनों ही इकट्ठे जाते थे।

बड़ी साजिश लगती है : सरपंच
गांव के सरपंच सोनी सिंह ने बताया कि मृतक निर्मल 3 बजे व हरप्रीत 6 बजे घर से गए थे। उसके बाद से दोनों का फोन बंद मिला। निर्मल का फोन जांच करने पर पता चला कि घर ही पड़ा है जबकि हरप्रीत का फोन गायब है। उन्होंने बताया दोनों मृतकों का धड़ दोनों लाइनों के बीच व सिर लाइनों से बाहर मिले हैं। हाथ शव से लगभग 20 फुट दूरी पर आगे जबकि मृतक की टोपी शव से लगभग 30 फुट पीछे बरामद हुई है। रेल लाइन के पास कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल के टायरों के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा टायरों के निशान मिलना, टोपी पीछे मिलना, फोन गायब व बंद होना, आत्महत्या के किसी भी कारण का न सामने आना, सुनसान जगह फाटक से लगभग डेढ़ किलोमीटर पीछे ट्रैक पर दोनों का शव मिलना साजिश को दर्शाता है इसलिए हत्या कर शवों को रेल ट्रैक पर रखने की आशंका को भी दरकिनार नहीं किया जा सकता।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static