नया घर बनाते हुए 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल, बराड़ा में करंट के झटके से महिला की मौत; मातम में बदली खुशियां

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:00 PM (IST)

बराड़ा (अनिल कुमार) : बराड़ा के गांव अधोया में घर बनाने की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हाईवोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आने से एक विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी देवरानी करंट के झटके से बेहोश हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बराड़ा के अधोया गांव में सुभाष के नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। घर के लैंटर के लिए सरिये का जाल बिछाया गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद जब सरिये को समेटकर रखा जा रहा था, तभी सुभाष की पत्नी रितू सरिया उठाने लगी। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आने से सरिये में करंट उतर आया और रितू उसकी चपेट में आ गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन दोनों महिलाओं को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रितू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी देवरानी का मुलाना के निजी अस्पताल  में इलाज चल रहा है।घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static