न नौ मन तेल होगा ना राधा नाचेगी, न सरकार गिरेगी न भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री बनेंगे: दिग्विजय

punjabkesari.in Tuesday, Dec 08, 2020 - 12:25 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): किसान आंदोलन के दौरान सभी की नजर जजपा के स्टैंड पर है क्योंकि इस समय खाप पंचायतों और ग्राम पंचायतों और जाट बहुल क्षेत्रों का सबसे ज्यादा दबाव जजपा पर नजर आ रहा है, जजपा के समर्थन से हरियाणा में भाजपा सत्ता में काबिज है। विपक्षी दल सरकार गिराने की जद्दोजहद में है, जिसको लेकर जजपा पार्टी का स्टैंड क्या है? क्या भविष्य में सरकार पर कोई खतरा आ सकता है? इन सब बातों को जानने के लिए आज पंजाब केसरी ने जजपा के वरिष्ठ नेता एवं उप मुख्यमंत्री के भाई दिग्विजय चौटाला से खास मुलाकात की और इस मुद्दे पर चर्चा की। 

प्रश्न:- 8 तारीख को भारत बंद पर जजपा का क्या स्टैंड है?
उत्तर:- आंदोलन के बीच में भारत बंद प्रोटेस्ट कॉल किया है। किसान की हर बात का हम सम्मान करते हैं। किसान की भावनाओं की कद्र करते हैं। ऐसे सिस्टमैटिक काम होना चाहिए कि किसानों का विरोध भी दिखे और किसी प्रकार की अराजकता न फैले। 

प्रश्न:- पांच वार्ता फेल हुई और अब छठी वार्ता का दौर, क्या कहेंगे? 
उत्तर:- किसी भी वार्ता को फेल नहीं कह सकते। चर्चा होते-होते ही पांचवा दौर आया। बहुत शानदार तरीके से पांचवें दौर में बात हुई और मैं मानता हूं कि छठी मीटिंग में जरूर कोई ना कोई हल निकल जाएगा।

प्रश्न:- भारत बंद में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल खुलकर खड़े हो गए हैं, क्या कहेंगे?
उत्तर:- कांग्रेस केवल राजनीतिक दल के हिसाब से सोच रही है। कांग्रेस सोच रही है कि केवल उन्हीं का इनको समर्थन है। वह राजनीतिक फायदा उठाना चाह रही है। लेकिन आज 36 बिरादरी और हर धर्म के लोग किसानों की पीड़ा समझ रहे हैं और केंद्र और प्रदेश सरकार भी उनके साथ है। जो कुछ बदलना है हम सभी उनके सहयोग में खड़े है।

प्रश्न:- सोशल मीडिया पर जजपा के 4 विधायकों के किसानों के साथ खड़े होने की चर्चा है?
उत्तर:- केवल चार ही नहीं 90 के 90 विधायक किसानों के साथ हैं। मुख्यमंत्री से लेकर हर विधायक चाहे वह पक्ष का हो या विपक्ष का हो किसानों के समर्थन में खड़ा है।

प्रश्न:- खापों को लेकर क्या कहना चाहेंगे?
उत्तर:- खाप हमारे यहां सर्वोपरि है। जब जुडिशल सिस्टम नहीं होता था तो खापें ही हमें न्याय देती थी और खाप के हर फैसले को सिर माथे पर हमें लगा कर चलना होता है।

प्रश्न:- कुछ खाप पंचायतों द्वारा जींद के विधायकों के बहिष्कार करने की चर्चा है?
उत्तर:- खाप का फैसला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक होता है। खाप के अंदर एक पक्ष की बात नहीं सुनी जाती, बल्कि सभी पक्षों को पास बुलाकर बात सुनी और देखी जाती है।

प्रश्न:- कांग्रेस ने राज्यपाल को अविश्वास पत्र संबंधित कोई लेटर लिखा है? 
उत्तर:- कांग्रेस तो अपना दांव लगाना चाह रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सुरजेवाला और कुमारी शैलजा सरीखे सभी नेताओं को सिंधु बॉर्डर टिकरी बॉर्डर या किसानों की परेशानी से कोई मतलब नहीं है। वह तो केवल मुख्यमंत्री की शपथ लेने का ख्वाब देख रहे हैं। लेकिन न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। न सरकार गिरेगी, न मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बनेंगे।

प्रश्न:- आपके किसानों से, सरकार से और प्रशासन से क्या अपील है?
उत्तर:- सभी से मेरी अपील है इसमें राजनीतिकरण ना करें, आज मैंने देखा कि एक नेता वहां पहुंचे, तो उन्हें ऊपर नहीं चढऩे दिया गया। अगर किसी ने जाना है, अगर किसी को सच्चे दिल से किसान की पीड़ा है तो पिछली पंक्ति में जा कर बैठे। हम किसान की भावनाओं का कदर करते हैं, केंद्र सरकार भी किसानों की भावनाओं की कदर करती है। मैं मानता हूं कि जितने भी मुद्दे हैं 9 तारीख को उन पर मोहर लग जाएगी।

प्रश्न:- सोशल मीडिया पर आपकी पार्टी और दुष्यंत के बारे में कुछ लोग आप के प्रति काफी रोष व्यक्त कर रहे हैं। क्या कहेंगे?
उत्तर:- दुष्यंत और जननायक जनता पार्टी किसान की पगड़ी को कभी नीचे नहीं होने देगी। फेसबुक पर सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों के बहुत से बयान उनके खिलाफ देख रहा हूं। लेकिन उन लोगों से नाराज नहीं हूं। क्योंकि वह लोग उनके अपने हैं, जो पहले अपना मानते थे, अच्छा कहते थे, लेकिन आज भावनाओं में बहकर कुछ लिख रहे हैं, तो भी सिर झुका कर हम उनकी बातों को उनके आदेशों को स्वीकार करते हैं, क्योंकि उनकी पार्टी जजपा जनता की बनाई हुई पार्टी है और दुष्यंत चौटाला आज अगर प्रदेश के कद्दावर नेता है, तो वह जनता के बनाए हुए हैं। जो जनता के विश्वास को और उनसे किए वायदों को कभी भी झूठा नहीं होने देंगे, कभी टूटने नहीं देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static