बरोदा उपचुनाव की हार के दिग्विजय ने बताए दो बड़े कारण, सीएम के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2020 - 05:57 PM (IST)

सिरसा (सतनाम): दिग्विजय चौटाला ने बरोदा उपचुनाव में गठबंधन की हार का कारण बताते हुए कहा कि पहला कारण किसान आंदोलन है। उन्होंने कहा कि किसानों को पूरी तरह से समझा नहीं पाए, हालांकि दोनों पार्टियों द्वारा किसानों को काफी हद तक समझाया गया, लेकिन बरोदा उपचुनाव में पूरी तरह से छाप नहीं छोड़ पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस व किसान संगठनों ने किसानों को बरगलाने का काम किया। दिग्विजय चौटाला आज अपने सिरसा स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से मिले।

इस दौरान उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने शुरुआती दौर में अलग अलग चुनाव प्रचार किया, जिससे चुनाव प्रचार में दोनों पार्टियों का समन्वय तो अच्छा रहा, लेकिन यह समन्वय कुछ देरी से स्थापित हो पाया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हार की दोनों पार्टियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री के बयान पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कभी ऐसा नहीं कहा कि जेजेपी ने सहयोग नहीं किया। केवल मीडिया ने उनके बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केवल यह कहा था कि कभी भी शत-प्रतिशत वोट किसी भी पार्टी के तब्दील नहीं हो सकते, लेकिन मीडिया ने इसका अर्थ कुछ और निकाल लिया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का मजबूत गठबंधन है। 

दिग्विजय चौटाला ने इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कद्दावर नेता पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को चुनाव प्रचार में उतारने के बावजूद 7000 के वोट नहीं ले पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि आज इनेलो को कौन नेता लीड कर रहा है।  

उन्होंने कहा कि बात के धनी ओम प्रकाश चौटाला से इस उम्र में चुनाव प्रचार करवाना उन्हें परेशान करने जैसा है। दिग्विजय ने नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा बार बार सरकार गिर जाने के बयानों पर पलट वार करते हुए कहा कि भूपिंद्र सिंह हुड्डा बार बार झूठ बोलकर प्रदेश की जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मजबूती से चल रही है और इसी मजबूती से आगे चलती रहेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static