नो-एंटी के दौरान शहर में लाया प्रतिबंधित वाहन, फर्जी पास दिखाकर पुलिस को चालक कर रहा था गुमराह, गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 09:10 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बसई चौक पर ट्रैफिक पुलिस की जांच के दौरान एक ईको चालक द्वारा फर्जी नो-एंट्री अनुमति पत्र दिखाने का मामला सामने आया है। अनुमति पत्र पर डीसीपी ट्रैफिक की डिजिटल मोहर और हस्ताक्षर थे, लेकिन जांच में इसकी तारीख और उस समय तैनात अधिकारी का नाम मेल नहीं खाया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी की शिकायत पर सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर की सुबह करीब 9:35 बजे बसई चौक पर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की ईको गाड़ी वहां पहुंची। जांच के दौरान चालक से नो-एंट्री में प्रवेश की अनुमति मांगी गई तो उसने अनुमति दिखाई। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने अनुमति पत्र की जांच की तो उस पर डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन आईपीएस की डिजिटल मोहर और हस्ताक्षर थे। हालांकि, अनुमति पत्र 14 अप्रैल 2026 को स्वीकृत होना दर्शाया गया था, जबकि उस तारीख को गुरुग्राम ट्रैफिक के डीसीपी प्रतीक गहलोत आईपीएस थे। शक होने पर पुलिसकर्मी ने ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय से संपर्क किया, जहां अनुमति पत्र को फर्जी बताया गया। इसके बाद चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम लोकेश बताया। पुलिस ने ईको गाड़ी और चालक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया। मामले में जांच अधिकारी एएसआई हरीश ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी नो-एंट्री पास कहां और कैसे तैयार किया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static