सी.एम. फ्लाइंग टीम ने रोका तो डम्पर बीच सड़क छोड़ फरार हुआ चालक, 3 घंटे लगा जाम

punjabkesari.in Tuesday, Jan 21, 2020 - 12:47 PM (IST)

राई(स.ह.): जी.टी. रोड पर नियमों की अवहेलना के शक में रविवार रात को जब सी.एम. फ्लाइंग की टीम ने एक डम्पर चालक को रोका तो वह डम्पर को हाईवे पर ही लॉक कर  फरार हो गया। हाईवे पर चौड़ीकरण का कार्य अधर में होने के चलते पहले ही वाहन चालक परेशान हैं। ऐसे में डम्पर को हाईवे की पानीपत-दिल्ली लेन पर खड़ा कर भागने के चलते 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

बीसवां मील से बहालगढ़ तक जाम की स्थिति बनी रही जिससे वाहन रेंगते हुए चलने को मजबूर हुए। हाईवे व राई थाना पुलिस ने डंपर को मार्ग से हटवाया जिस पर करीब अढ़ाई घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी। इस दौरान एक एम्बुलैंस भी जाम में फंसी रही। लंबे समय से जी.टी. रोड का सड़क चौड़ीकरण के साथ ही कई स्थानों पर अंडरपास बनाने का कार्य अधूरा पड़ा था जिसके चलते यहां से गुजरते समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।

 ऐसे में हाईवे पर किसी वाहन के खराब होने या खड़ा होने से जाम के हालात बन जाते हैं। रविवार रात को 9 बजे के करीब हाईवे से गुजर रहे डम्पर चालक को जब सी.एम. फ्लाइंग ने कागजात दिखाने को रोकने का इशारा किया तो चालक डम्पर को सड़क पर खड़ा कर लॉक करने के बाद फरार हो गया।

पानीपत-दिल्ली लेन पर पहले ही राई व बीसवां मील के पास अंडरपास बनाने का कार्य अधर में होने के चलते जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में डम्पर के सड़क पर खड़ा होने के कारण उसके पास से महज एक ही वाहन होकर गुजर सकता था जिससे हाईवे पर कुछ देर मेें जाम की स्थिति बन गई। हाईवे पर वाहनों की कतार लगने लगी। करीब पौने घंटे में बीसवां मील के पास से बहालगढ़ फ्लाईओवर तक वाहनों की कतार लग गई थी। 

सर्दी के कारण बढ़ी वाहन चालकों की मुसीबत 
सर्दी मेें वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ गई। एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में वाहन हाईवे पर फंसकर रह गए और कई लेन बन गईं जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पानीपत-दिल्ली लेन पर जाम की स्थिति का पता लगते ही मुरथल ट्रैफिक थाना प्रभारी रमेश कुमार व राई थाना प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डम्पर को हाईवे पर खड़ा देखा तो उसे हटाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे हाईवे से हटाया जिसके बाद करीब अढ़ाई घंटे बाद हाईवे पर स्थिति सामान्य हो सकी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static