चालक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, 8 दिनों तक रखा भूखा-प्यासा, ईलाज दौरान मौत

punjabkesari.in Friday, Oct 21, 2022 - 09:23 AM (IST)

सोनीपत: ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक की बेरहमी से पिटाई करने के चलते मौत होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक, उसके मुंशी व अन्य ने उसका अपहरण कर अज्ञात स्थान पर रखकर उसकी बुरी तरह पिटाई की थी।  पत्नी के नौ हजार रुपये भेजने पर आरोपियों ने चालक को एक सप्ताह बाद छोड़ा। वह अपने घर पहुंचा और पत्नी को मामले से अवगत कराया था। जिसके बाद उसें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना राजा का रामपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पिटाई से मौत की पुष्टि के बाद परिजन ने बहालगढ़ थाना में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव सिमरई की रहने वाली पूनम ने  थाना पुलिस को बताया कि उसका पति रणवीर सिंह  कुंडू ट्रांसपोर्ट कंपनी की गाड़ी पर चालक लग गए थे। उसके पति का दो अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक अरविंद व उमेद के साथ रुपयों को लेकर विवाद हो गया था।  वह माल समय पर नहीं पहुंचने पर ट्रांसपोर्ट कंपनी को नौ हजार रुपये का नुकसान होना बता रहे थे। उसकी भरपाई के लिए अरविंद व उमेद उसके पति से नौ हजार रुपये की मांग कर रहे थे। जिस पर उसने अपने पति के कहने पर अपने फोन-पे से रुपये अरविंद के पास भेज दिए थे।

तीन अक्टूबर को उनके पति रणवीर सिंह ने डायल-112 पर फोन करके पुलिस को नौ हजार रुपये जबरन लेने की जानकारी दी थी। जिस पर अरविंद ने उसके पति को रुपए  वापस दे दिए थे। उसके बाद कुंडू ट्रांसपोर्ट कंपनी के उमेद कुंडू व अरविंद तथा उनके मुंशी और अन्य ने रंजिश में उसके पति रणवीर का अपहरण कर लिया था। वह उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गए थे। वहां पर उसके पति को भूखा-पयासा रखकर बंधक बनाकर लगातार पीटा गया।

उनके पति किसी तरह उनसे बचकर नौ अक्टूबर की रात को 11 बजे खराब हालत में घर पहुंचे और मामले की जानकारी दी। वह 10 अक्टूबर को अपने पति को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां पर उनकी मौत हो गई।  उन्होंने थाना राजा का रामपुर में सूचना दी थी। जिस पर पुलिस ने एटा के सरकारी अस्पताल में उनके पति का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट की चोट के कारण उनकी मौत होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static