तेल के दामों में बढ़े अंतर से बार्डर के पेट्रोल पंपों पर औंधे मुंह गिरी बिक्री

punjabkesari.in Wednesday, Nov 10, 2021 - 10:29 AM (IST)

 डबवाली(संदीप): पंजाब सरकार द्वारा पंजाब में पेट्रोल व डीजल पर वैट घटाए जाने का असर हरियाणा के बार्डर पर स्थित पेट्रोल पंपों पर पड़ा है। पंजाब में तेल पर वैट घटाने का नतीजा ये हुआ है कि पंजाब की सीमा के साथ लगते हरियाणा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की बिक्री औंधे मुंह गिरी है। पंजाब में तेल की कम कीमतों ने पंजाब की सीमा के साथ लगते हरियाणा के पेट्रोल पंपों के संचालकों के माथे पर परेशानी का बल डाल दिया है। पेट्रोल पंप संचालकों को डर कि अगर हरियाणा में भी पंजाब के बराबर पेट्रोल डीजल की कीमतें नहीं हुई तो पंजाब की सीमा के साथ लगते हरियाणा के पेट्रोल पंप पूरी तरहां से तबाह हो जाएंगे। वहीं हरियाणा के बार्डर के साथ लगते पंजाब के पेट्रोल पंप संचालकों में खुशी इस बात को लेकर है उनके यहां हरियाणा से पेट्रोल व डीजल सस्ता है। तेल सस्ता होने से हरियाणा बार्डर पर स्थित पंजाब के पेट्रोल पंपों पर तेल की बिक्री में इजाफा हुआ है। पंजाब की चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार ने बीते दिनों तेल के रेट कम करने के लिए डीजल पर वैट 9.92 प्रतिशत और पेट्रोल पर 13.77 प्रतिशत तक घटा दिया था। 

हरियाणा के लोग पंजाब से भरवा रहे तेल 
पंजाब में घटे तेल के दामों का असर हरियाणा के साथ लगते डबवाली के पेट्रोल पंपों पर साफ नजर आ रहा है।  हरियाणा के वाहन बड़ी संख्या में साथ लगते पंजाब के पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने जा रहे हैं। इससे बार्डर पर स्थित हरियाणा के पेट्रोल पंपों की बिक्री पर काफी बुरा असर पड़ा है। हरियाणा व पंजाब में डीजल के रेट में करीब 5 रूपए का अंतर है। ऐसे में सबसे अधिक डीजल की बिक्री पर असर पड़ रहा है। डबवाली के पेट्रोल पंप संचालकों को डीजल की बिक्री का बड़ा नुकसान हो रहा है।

पंजाब सरकार द्वारा वैट घटाए जाने के कारण मंगलवार को पंजाब के किलीयांवाली स्थित इंडियन आयल के पेट्रोल पंप पर में हरियाणा से डीजल 4 रुपए 96 पैसे व पेट्रोल 2 रुपए 6 पैसे सस्ता मिल रहा था। किलीयांवाली स्थित कुलार फिलिंग स्टेशन के संचालक रविंद्र पाल रम्मी बताते हैं कि पंजाब सरकार द्वारा वैट में कटौती किए जाने के बाद पंजाब में तेल की कीमतों में पहले से गिरावट आई है। उनका पेट्रोल पंप हरियाणा की सीमा के साथ स्थित है। ऐसे में हरियाणा में डीजल महंगा होने से उनके पेट्रोल पंप पर बिक्री में पहले से इजाफा हुआ है। इसके अलावा दुपहिया वाहन व कारों में भी बड़ी संख्या में साथ लगते हरियाणा के डबवाली क्षेत्र से लोग पेट्रोल भरवाने आ रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static