Encounter: फरीदाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोलियां; दोनों तरफ से हुई 5-6 राउंड फायरिंग
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 08:19 AM (IST)
फरीदाबाद ( अनिल राठी) : फरीदाबाद में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, हालांकि वह सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश पिछले करीब दस वर्षों से दिल्ली-NCR क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ दिल्ली-NCR के अलग-अलग इलाकों में लूट और चोरी समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी लंबे समय से अपना गैंग चला रहे थे और लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद देर रात कार्रवाई की गई। इसी दौरान पुलिस टीम और बदमाशों का आमना-सामना हो गया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर काबू कर लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और हाल में की गई वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों बदमाश हाल के दिनों में किन-किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं।