सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं पूर्व सैनिक: CM खट्टर

punjabkesari.in Wednesday, Nov 10, 2021 - 09:54 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी भूतपूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का आह्वान किया कि वह सरकार के साथ मिलकर सेवाभाव से सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। राज्य सरकार इन वॉलंटियर्स को जोडक़र समाज उत्थान में भागीदार बनाना चाहती है। इसके लिए राज्य सरकार ने समर्पण पोर्टल बनाया है,जिस पर सभी भूतपूर्व सैनिक और सेवानिवृत्त कर्मचारी स्वयं को वॉलिंटियर्स के तौर पर पंजीकृत कर सकते हैं और राज्य सरकार आप सभी के बहुमूल्य अनुभवों के सहयोग से योजनाओं को सही तरीके से पात्र व्यक्ति तक पहुंचा सकेंगे।  

मुख्यमंत्री मंगलवार को चंडीगढ़ में वेबीनार के माध्यम से प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इस वेबिनार में फेसबुक, ट्विटर, यु-टयूब व माध्यमों से 7 हजार से अधिक भूतपूर्व सैनिक व सेवानिवृत कर्मचारी जुड़े। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के कईं काम किए हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ देने में कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है। वर्तमान में ई-गर्वनेंस और सुशासन के माध्यम से सरकार ने 500 से अधिक सेवाओं को आमजन के घर द्वार तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की पौने तीन करोड़ जनसंख्या यानी लगभग 70 लाख परिवार की चिंता करना सरकार का परम कर्तव्य है। आज तक एक प्रथा चलती आ रही है कि जिस व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेना है वह स्वयं सरकार के पास आए और संपूर्ण जानकारी देकर उस योजना का लाभ प्राप्त करे।

मुख्यमंत्री ने भूतपर्व सैनिकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि 1000 गांव में पार्क एवं व्यायामशालाएं तैयार की जा रही हैं। योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण में भी इन सभी की सेवाएं ली जाएंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डी. एस. ढेसी, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव,वी. एस. कुंडू, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री की उप प्रधान सचिव श्रीमती आशिमा बराड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static