रातभर तलाशते रहे परिजन...सुबह रेलवे लाइन पर मिला 11वीं की छात्रा का शव; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 08:15 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा का शव ढोला माजरा गांव के पास रेलवे लाइन पर मिला। छात्रा शुक्रवार शाम घर से घूमने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की। शनिवार सुबह रेलवे लाइन के पास शव मिलने की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए LNJP अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

मृतका की पहचान न्यू रणजीत नगर निवासी 16 वर्षीय पूजा पटेल के रूप में हुई है। पूजा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बाद में मोर्चरी पहुंचे पिता और मामा ने शव की पहचान की।

शाम करीब 7:30 बजे घर से निकली थी
मृतका के पिता सुखलाल ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करते हैं। 4 सितंबर की शाम वह और उनकी पत्नी शाहाबाद में मजदूरी करने गए थे। घर पर उनका बेटा अलोक और बेटी चांदनी मौजूद थे। रात करीब 8:30 बजे जब उन्होंने फोन कर पूजा के बारे में पूछा तो बच्चों ने बताया कि वह करीब 7:30 बजे घूमने के लिए घर से निकली थी।

काफी देर तक पूजा के वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। रातभर इंतजार और तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुखलाल ने अपने साले सुरेंद्र कुमार से भी पूजा के बारे में जानकारी ली, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंची थी।

ढोला माजरा के पास रेलवे लाइन पर मिला शव
शनिवार को सुरेंद्र कुमार और अन्य रिश्तेदार पूजा की तलाश करते हुए ढोला माजरा गांव के पास रेलवे लाइन पर पहुंचे। वहां रेलवे कर्मी रामलखन ने उन्हें बताया कि एक लड़की की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी। बताया गया कि लड़की रेत से भरी मालगाड़ी की चपेट में आई थी और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कुरुक्षेत्र भेजा गया है।

जानकारी मिलते ही परिजन LNJP अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान पूजा पटेल के रूप में की।

पिता के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज
GRP ने पिता सुखलाल के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static