फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के साथ हो रही ठगी: सैलजा

punjabkesari.in Thursday, Aug 05, 2021 - 04:45 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के साथ धोखा कर रही है। किसानों को बीमे के नाम पर ठगा गया और खराब फसलों के मुआवजे के लिए आज भी किसान मारे मारे फिर रहे हैं, लेकिन उनको फसल खराब होने की राशि आज तक अदा नहीं की गई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा शासन में फसल बीमा के नाम पर किसानों से लूट खसोट हुई है। किसानों के बैंक अकाउंट से उनके हिस्से का प्रीमियम कट गया, लेकिन उन्हें प्रीमियम नहीं दिया गया। नतीजा बीमा करवाने के बावजूद कुछ राज्यों में किसानों को प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसल के मुआवजे के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने ने कहा कि बीमा कंपनियों की मनमानी की वजह से प्रीमियम भरने के बाद भी हजारों किसान क्लेम के लिए भटक रहे हैं। देश में इस समय किसानों के 2288.6 करोड़ रुपये के क्लेम किसी न किसी वजह से पेंडिंग हैं।

इतनी रकम का बकाया दावा 2017-18, 2018-19 और 2019-20 का है। अगर ये पैसा किसानों के खाते में डाल दिया गया होता तो आज किसानों को इतनी परेशानी ना होती। किसान फसल बीमा के लिए परेशान हो रहे हैं और बीमा कम्पनियां मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी किसानों के खातों में पैसे नहीं डाले जा रहे हैं। बीमा कंपनियां किसानों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही और उनको बीमा राशि देने में आनाकानी कर रही हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static