पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने खोला हुड्डा-भाजपा के खिलाफ मोर्चा, राहुल को बताया बेबस

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2020 - 12:23 AM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भाजपा के साथ सांठगांठ है, जिसके चलते दोनों एक दूसरे की मदद कर रहे हैं और इसी के चलते हुड्डा की जांच की सारी फाइलें क्लोज हो चुकी हैं। 

यमुनानगर में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि 1983 पीटीआई टीचरों के मामले में जिन्होंने गलती की है वह बाहर घूम रहे हैं और जिनका कोई दोष नहीं है उन्हें बाहर निकाल दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने भर्तियां की तो वह जेल में डाल दिए गए लेकिन पीटीआई टीचरों को भर्ती करने वाले बाहर घूम रहे हैं जबकि पीटीआई टीचर बाहर कर दिए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि अब 6 साल हो गए सरकार को, भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब जेल की रोटी खाने से क्यों डर रहे हैं और भाजपा उन्हें जेल में क्यों नहीं डाल रही। यह सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस में चारों तरफ अंधेरा है, राहुल गांधी का यह लोग साथ नहीं दे रहे और वह बेबस नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन 23 लोगों ने भाजपा के इशारे पर नेतृत्व के बारे में सवाल उठाए थे वह कांग्रेस में ही बने हुए हैं उन्हें निकाल बाहर करना चाहिए।

वहीं उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने अपने शासनकाल में इन लोगों को हजारों एकड़ जमीन दिलवाई, किसानों का शोषण किया, कुछ जमीन वापस भी हुई, मुकदमे दर्ज हुए लेकिन सब शांत है। उन्होंने कहा कि बरोदा में वहां की जनता भाजपा को हराना चाहती है लेकिन कांग्रेस भाजपा को जिताना चाहती है। इस खेल को सब समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सेटिंग है मिलीभगत है लेकिन कोई कहने सुनने वाला नहीं है।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अब लोगों में जाकर हुड्डा व भाजपा के खेल को सबके सामने लाने की बात कर रहे हैं। वह प्रदेश भर में जगह-जगह सभाएं करने की भी बात कर रहे हैं ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके देखना होगा उन्हें अपने इस कार्य में कितनी सफलता मिलती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static