आपके पास भी आया गैस कनेक्शन कटने का मैसेज तो हो जाओ सावधान

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 01:23 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): अगर आपके पास भी गैस कनेक्शन कटने का मैसेज आया है और मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया है तो सावधान हो जाओ। यह मैसेज गैस वितरक कंपनी से नहीं बल्कि साइबर ठगों ने आपको भेजा है। दिए गए नंबर पर संपर्क करने और भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद आपका फोन हैक हो जाएगा और आपकी सारी जमापूंजी खाली हो जाएगी। ऐसे ही दो मामले साइबर थाना मानेसर पुलिस ने दर्ज किए हैं जहां दो लोगों को गैस कनेक्शन कटने का मैसेज भेजकर साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से चरखी दादरी के रहने वाले मनाेज कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-89 की ट्यूलिप पेटल सोसाइटी में रहता है। उसके पास 28 अगस्त की दोपहर को मकान मालिक के नंबर से मैसेज आया कि उनका बिल अपडेट न होने के कारण गैस कनेक्शन कट जाएगा। मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया। इस मैसेज में दिए गए अशोक सिंह के नंबर पर संर्प किया गया तो उसने बिल अपडेट करने के लिए एक एपीके फाइल भेजी। 30 अगस्त को उन्होंने बिल अपडेट करने के लिए क्रेडिट कार्ड की डिटेल भरकर पेमेंट की, लेकिन पेमेंट फेल हो गई। इसके बाद अशोक सिंह ने उन्हें कहा कि वह कुछ देर में डिटेल अपडेट करा देंगे। करीब दो घंटे बाद उन्होंने अपना फोन चेक किया तो पाया कि उनके क्रेडिट कार्ड के जरिए 2,74,048 रुपए की ट्रांजेक्शन हुई है। इस पर उन्हें अपने साथ ठगी का अहसास हुआ और इसकी शिकायत पुलिस को देकर केस दर्ज कराया। 

 

वहीं, दूसरे मामले में सेक्टर-83 निवासी देवेंद्र कुमार पाल ने बताया कि वह कंपनी से रिटायर्ड हैं। 30 अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर गैस कनेक्शन कटने का मैसेज आया। इस मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उन्हें एक एपीके फाइल भेजी गई। इस फाइल को डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके आईसीआईसीआई बैंक के खाते से 1,98,000 रुपए कट गए। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static