बलात्कार के मामले की जानकारी मिलते ही बारात छोड़ दूल्हा फरार, युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

punjabkesari.in Thursday, Dec 10, 2020 - 09:22 AM (IST)

यमुनानगर/साढौरा : साढौरा क्षेत्र की युवती ने गांव फिरोजपुर के अरुण पर 2 साल से दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया। इधर, बुधवार को अरुण की बारात जानी थी। परिवार व रिश्तेदार बारात ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इससे एक दिन पहले ही मंगलवार रात को नजदीकी गांव की 28 वर्षीय युवती ने अरुण पर मामला दर्ज करवा दिया। 

मुकद्दमे की जानकारी मिलते ही आरोपी रात को ही फरार हो गया। ऐसे में मंडा भी रह गया और बारात भी। दूल्हे के फरार होने के कारण विवाह रद्द हो गया। अब पुलिस के अलावा परिजन भी दूल्हे की तलाश कर रहे हैं। अरुण की 9 दिसम्बर को रायपुररानी के पास गांव में बारात जानी थी। युवती का आरोप है कि वह 2014 में यमुनानगर में कोचिंग लेती थी। वहीं पर अरुण भी कोचिंग लेता था। जिसके कारण उन दोनों की आपस में जान-पहचान हो गई और अरुण ने उनके घर आना-जाना शुरू कर दिया। 2015 में अरुण की बैंक में नौकरी लग गई और तब भी अरुण उनके घर आता रहता था। यही नहीं अरुण पेपर दिलवाने के लिए युवती को बाहर ले जाता था। युवती का आरोप है कि 7 जुलाई को अरुण ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन बलात्कार किया। उसके बाद से ही उसने युवती के साथ कई बार बलात्कार किया। 

दीवाली के दिन भी जब युवती के परिजन उसके चाचा के घर पर्व मनाने गए हुए थे। तब भी अरुण ने उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद अरुण उसके साथ शादी करने से टाल-मटोल करने लग गया। युवती ने इस बारे अपने परिजनों को बताया तो उसके परिजन अरुण के घर रिश्ते की बात करने गए। लेकिन अरुण ने युवती नापसंद होने की बात कहकर उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। अरुण की इस बेवफाई से हताश व दुखी होकर युवती ने अरुण के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की। साढौरा एस.एच.ओ. बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी दूल्हे की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे इस मुकद्दमे में गिरफ्तार किया जाएगा। शिकायत मिलते ही मामला दर्ज किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static