हरविंद्र कल्याण की अपील, त्योहारों पर उपहार नहीं जरूरतमंदों की मदद करें; बोले- आपका आगमन, स्नेह और आशीर्वाद ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 01:51 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने दीपावली सहित आगामी त्योहारों के अवसर पर लोगों से एक सराहनीय अपील करते हुए उपहारों के बजाय जरूरतमंदों की मदद करने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि त्योहारों पर उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के लिए किसी प्रकार का उपहार लेकर न आएं। उनके लिए लोगों का स्नेह, प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद ही सबसे अनमोल उपहार है।

विधानसभा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर यह अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, विश्वकर्मा दिवस तथा अन्य पर्वों पर शुभकामनाएं देने और आपसी मेल-मिलाप की परंपरा हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन अवसरों पर लोगों का उनके निवास पर आना, मिलना-जुलना और परिवार के साथ खुशियां साझा करना ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।

कल्याण ने कहा कि उन्हें समाज के लोगों का प्यार और आशीर्वाद लगातार मिलता रहा है। इसलिए त्योहारों पर उनके या परिवार के लिए किसी भी तरह का उपहार लाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि लोग इस बात का ध्यान रखें और उपहार लाने के बजाय उस पर खर्च होने वाली धनराशि किसी गरीब, असहाय अथवा जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता पर खर्च करें।
उन्होंने कहा कि त्योहार केवल व्यक्तिगत खुशियां मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज के उन लोगों के साथ खुशियां बांटने का भी मौका होते हैं, जो आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण इन पर्वों को उत्साह से नहीं मना पाते। ऐसे परिवारों की मदद करके उनके घरों में भी खुशियों का दीप जलाया जा सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष की इस अपील का मूल संदेश सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना से जुड़ा है। उन्होंने लोगों को उपहारों की औपचारिकता से ऊपर उठकर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने के लिए प्रेरित किया है। उनका मानना है कि किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता करना, उसके बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और त्योहार की खुशियों में उसे सहभागी बनाना ही पर्वों की वास्तविक भावना है।

हरविंद्र कल्याण की यह पहल त्योहारों के दौरान उपहारों के आदान-प्रदान की परंपरा को सामाजिक सहयोग और सेवा से जोड़ने का संदेश देती है। उनकी अपील है कि लोग इस बार त्योहारों पर महंगे उपहारों के बजाय प्रेम, अपनापन और मानवता को प्राथमिकता दें। जरूरतमंदों की मदद से ही त्योहारों की खुशियां वास्तविक अर्थों में समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static