Haryana : ‘पिंक रैपिडो’ से बदलेगी तस्वीर, बेटियों की जेब में हर महीने आएंगे हजारों, बस ये शर्तें करनी होंगी पूरी...

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 04:57 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और शहरों में महिला यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने ‘पिंक रैपिडो’ योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत चयनित युवतियों को सरकार की ओर से मुफ्त ई-स्कूटर दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें शुरुआती छह महीनों तक 12 से 14 हजार रुपये प्रति माह प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराना और शहरों में कम दूरी की यात्रा को सुरक्षित व सस्ता बनाना है। योजना के तहत महिला चालक मोबाइल एप के माध्यम से महिला यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ छोटे सामान की डिलीवरी का काम भी करेंगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च तय की गई है।

केवल महिला चालक ही महिला यात्रियों को कराएंगी सफर 
योजना के तहत केवल महिला चालक ही महिला यात्रियों को सफर कराएंगी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और भरोसा बढ़ेगा। शुरुआती चरण में प्रत्येक जिले से अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की 30 युवतियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला जिलों की पात्र महिलाएं इसमें आवेदन कर सकती हैं।

ये रहेंगी शर्तें
जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल के अनुसार आवेदिका के पास दोपहिया वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। एक से दो साल का ड्राइविंग अनुभव रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदिका की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसे मोबाइल एप व नेविगेशन टूल्स का उपयोग करना आना चाहिए।

इसके अलावा आवेदिका के परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक महिलाएं जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, गुरु अर्जुनपुरा कॉलोनी, रतनगढ़ रोड, अंबाला शहर में संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को रोजगार के नए अवसर देने के साथ-साथ शहरों में सुरक्षित और तेज परिवहन व्यवस्था विकसित करने में भी मददगार साबित होगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static