वोट चोरी के आरोपों को लेकर 12 अक्टूबर को दिल्ली कूच करेगी हरियाणा कांग्रेस : संजय दत्त
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 07:15 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने 12 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले विरोध मार्च में प्रदेश के सभी नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर इसे वोट के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा संघर्ष बताया।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के नेतृत्व में दिल्ली में विरोध मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अपनी व्यक्तिगत व्यस्तताओं से ऊपर उठकर इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
संजय दत्त ने अपनी पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई और कानून के अनुसार गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। इसके अलावा, उनके कार्यकाल में लिए गए संदिग्ध फैसलों तथा मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए भविष्य में सभी चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराने की मांग भी रखी।
हरियाणा विधानसभा चुनाव की जांच कराने की मांग
हरियाणा के संदर्भ में संजय दत्त ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और चुनाव आयोग की कथित मिलीभगत से वोट चोरी होने के आरोपों की व्यापक और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए कथित फर्जी और दोहराए गए मतदाताओं के मुद्दे की सच्चाई सामने लाने की बात कही।
संजय दत्त ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस्तीफे और हरियाणा में नए सिरे से विधानसभा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि चुनाव की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों की जांच होनी चाहिए और जनता को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के माध्यम से अपना जनादेश देने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने का आह्वान
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए हिरासत में लिया जा रहा है तथा पुलिस बल का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
संजय दत्त ने प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक और गांव से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 12 अक्टूबर के विरोध मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मताधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है तथा इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)