हरियाणा: दीपावली की रात हुई आतिशबाजी से बढ़ा प्रदूषण, सिरसा की हवा सबसे ज्यादा खराब
punjabkesari.in Tuesday, Oct 29, 2019 - 11:31 AM (IST)
चंडीगढ़ (गौड़): हरियाणा सरकार के पटाखों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के सारे प्रयास असफल साबित हुए। आलम यह रहा कि दीपावली की रात अन्य दिनों की तुलना में कई जिलों की एयर क्वालिटी इंडैक्स (ए.क्यू.आई.) बेहद खराब स्तर तक पहुंच गई। यही नहीं, कई जिलों में इतनी आतिशबाजी हुई कि 28 अक्तूबर की रात तक भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। सैंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सी.पी.सी.बी.) के आंकड़ों से भी साबित होता है कि आतिशबाजी के बाद राज्य में ए.क्यू.आई. कितने गम्भीर स्तर पर पहुंच चुकी है।
राज्य में एयर क्वालिटी का स्तर पुअर और वैरी पुअर दर्ज किया गया है। राज्य में 24 स्थानों पर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग मशीनें लगाई गई हैं जिनके माध्यम से एयर क्वालिटी इंडैक्स (ए.क्यू.आई.) का आंकलन किया जाता है। सोमवार को अम्बाला, सिरसा, भिवानी, गुरुग्राम, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, नारनौल, पानीपत और यमुनानगर में वायु की गुणवत्ता सबसे खराब रिकॉर्ड की गई। इन जिलों का ए.क्यू.आई. दीपावली की रात से ही बढऩा शुरू हो गया था। आलम यह रहा कि कई जिलों में दीपावली की रात पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण सोमवार को दिन के समय भी स्मॉग छाया रहा। वहीं, हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (एच.एस.पी.सी.बी.) के अधिकारियों का भी यही कहना है कि एयर क्वालिटी में बदलाव की मुख्य वजह दीपावली की रात आतिशबाजी ही है।
हाईकोर्ट का आदेश भी दरकिनार
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश भी दीपावली की रात पटाखों के धुएं में उड़ गए। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार दीपावली की रात केवल 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति दी गई थी लेकिन लोगों ने रात 1 बजे तक खूब आतिशबाजी की। इस वजह से कई जिलों में पी.एम.-2.5 और पी.एम.-10 का स्तर भी कई गुणा बढ़ गया। अधिकारियों की मानें तो उम्मीद से अधिक आतिशबाजी का असर कुछ दिन और रहेगा। यही नहीं, आने वाले दिनों में किसानों द्वारा खेतों में जलाई जाने वाली पराली इस समस्या को और गम्भीर बनाएगी।
जिला ए.क्यू.आई. (20 अक्तूबर) ए.क्यू.आई.-28 अक्तूबर
अम्बाला 167 391 (वैरी पुअर)
बहादुरगढ़ 156 301 (वैरी पुअर)
भिवानी 105 335 (वैरी पुअर)
धारुहेड़ा 230 349 (वैरी पुअर)
फरीदाबाद 230 379 (वैरी पुअर)
फतेहाबाद 108 230 (पुअर)
गुरुग्राम 181 379 (पुअर)
हिसार 193 365 (वैरी पुअर)
जींद 199 372 (वैरी पुअर)
कैथल 116 325 (वैरी पुअर)
करनाल 298 318 (वैरी पुअर)
कुरुक्षेत्र 225 387 (वैरी पुअर)
मंडीखेड़ा 145 311 (वैरी पुअर)
मानेसर 168 337 (वैरी पुअर)
नारनौल 207 347 (वैरी पुअर)
पलवल 236 305 (वैरी पुअर)
पंचकूला 98 278 (पुअर)
पानीपत 283 376 (वैरी पुअर)
रोहतक 106 324 (वैरी पुअर)
सिरसा 233 396 (वैरी पुअर)
यमुनानगर 298 339 (वैरी पुअर)