हरियाणा में SIR की समयसीमा बढ़ी...अब 30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन; 44.92 लाख मतदाताओं को जारी थे नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 09:03 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने समयसीमा बढ़ा दी है। अब प्रदेश में दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर के स्थान पर 20 नवंबर निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख भी 6 नवंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के इस फैसले से उन मतदाताओं को राहत मिलेगी, जिनके दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन या सुनवाई से संबंधित मामले अभी लंबित हैं।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं को दस्तावेज जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा नाम जोड़ने, हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए भी आवेदन प्राप्त हुए हैं।
निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मामलों का निपटारा नहीं हो पाने के कारण मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग से समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। आयोग ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
लाखों आवेदन प्राप्त, हजारों मामले लंबित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रदेश में SIR के दौरान अब तक फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, मतदाता सूची से नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 4,49,813 फार्म-6, 1,57,673 फार्म-7 और 3,78,094 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। फार्म-6 का उपयोग मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए, फार्म-7 का उपयोग नाम हटाने के लिए तथा फार्म-8 का उपयोग मतदाता विवरण में संशोधन या अन्य निर्धारित बदलावों के लिए किया जाता है।
इसके अतिरिक्त, पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से वर्तमान सूची का मिलान नहीं होने तथा मिलान के दौरान विसंगतियां सामने आने के कारण 44,92,696 मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
28 अक्टूबर तक पूरा होना था निपटारा
निर्वाचन आयोग के पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, 28 अक्टूबर तक सभी प्राप्त आवेदनों और नोटिसों का निपटारा किया जाना था। हालांकि, निर्धारित तारीख तक कई मामले लंबित रह गए थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर तक 23,176 फार्म-6, 5,175 फार्म-7 और 6,058 फार्म-8 का निपटारा लंबित था। इन आवेदनों के निपटारे के लिए संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निर्णय लेना था।
इसके अलावा, सुनवाई के लिए जारी किए गए 12,043 नोटिसों से संबंधित मामले भी लंबित थे। मतदाता सूची में फोटो अद्यतन से संबंधित 10,44,080 मामलों तथा 7,59,024 फोटो अद्यतन मामलों से जुड़े नोटिसों के निपटारे की प्रक्रिया भी संबंधित अधिकारियों के पास लंबित बताई गई है। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य इन सभी मामलों की जांच और आवश्यक सुनवाई के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप देना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने की स्थिति न बने और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।
मतदाताओं को दस्तावेज जमा कराने का अतिरिक्त समय
समयसीमा बढ़ाए जाने से मतदाताओं को अपने दस्तावेज उपलब्ध कराने, आवेदन संबंधी त्रुटियों को दूर करने और सुनवाई में शामिल होने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अब 20 नवंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जा सकेगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 30 नवंबर को इसका प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों तथा मृत, स्थानांतरित या अन्य कारणों से अपात्र हो चुके मतदाताओं के नामों की नियमानुसार जांच की जा सके।
20,864 मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों ने नियुक्त किए BLA
मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के 20,864 मतदान केंद्रों पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए हैं। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने 19,554, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 17,127, इंडियन नेशनल लोकदल ने 2,186 और जननायक जनता पार्टी ने 1,093 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। इसके अतिरिक्त मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने 314, बहुजन समाज पार्टी ने 146 और आम आदमी पार्टी ने 54 बीएलए नियुक्त किए हैं।
बूथ लेवल एजेंट मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया में राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी नियुक्ति का उद्देश्य मतदाता सूची में नामों के समावेश, विलोपन और संशोधन की प्रक्रिया पर निगरानी रखना तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करना है।
30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
हरियाणा में SIR के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अब 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने लंबित आवेदनों, दस्तावेजों के सत्यापन और सुनवाई से जुड़े मामलों को निर्धारित समय में निपटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
समयसीमा बढ़ाने के निर्णय से मतदाता सूची को अंतिम रूप देने से पहले अधिक व्यापक जांच का अवसर मिलेगा। निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि अंतिम मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम छूटे नहीं और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हो।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)