महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच; Haryana पुलिस ने तैयार किया नया ''पिंक प्लान'', छेड़छाड़ की तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 04:34 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : महिलाओं, युवतियों और छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने 5 अत्याधुनिक पिंक राइडर्स को शहर में तैनात किया है। वीरवार को लघु सचिवालय परिसर से सहायक पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल, IPS ने इन पांच स्कूटी राइडर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

पुलिस के अनुसार, पिंक राइडर्स की टीम शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर गश्त करेगी। स्कूटी होने के कारण यह टीम तंग गलियों और संकरे रास्तों में भी आसानी से पहुंच सकेगी। पिंक राइडर्स को बॉडी कैमरा और आधुनिक संचार उपकरणों से लैस किया गया है। 

एएसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस की मौजूदगी को ऐसे स्थानों पर बढ़ाना है, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि पिंक राइडर्स स्थानीय पुलिस और दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स के साथ समन्वय कर काम करेंगी। किसी आपात स्थिति या शिकायत की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएगी।

 उन्होंने कहा कि महिलाओं या छात्राओं के साथ छेड़छाड़, छींटाकशी अथवा किसी तरह की अभद्रता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में पिंक राइडर्स की संख्या और बढ़ाई जाएगी। 

इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी पीएसआई सरिता, शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, मॉडल टाउन थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एएसपी ने महिलाओं, युवतियों और छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की असुरक्षा महसूस होने पर बिना झिझक डायल 112 पर सूचना दें। रेवाड़ी पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static