हरियाणा पुलिस छोटे-2 मामलों में आम आदमी की तीन पीढ़ियों के लोगों को थाने में बैठा लेती है : नीरज

punjabkesari.in Friday, Jan 08, 2021 - 12:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : गुड़गांव कांड में सरकार को सिपाही से लेकर डीजीपी तक, सीपी तक, एसीपी तक, डीसीपी तक, एसएचओ तक कोई भी शामिल हो दोषी पर सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। ताकि व्यापारी का हौसला बड़े। आज व्यापारी इतना डरा हुआ है कि वह बाहर भी नहीं निकल रहा। यह बात कांग्रेसी विधायक नीरज शर्मा ने पंजाब केसरी से खास बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आज सरकार को इन दोषी अधिकारियों की बजाए व्यापारियों के साथ खड़े होने की जरूरत है। तभी इस प्रदेश में व्यापारी सुरक्षित महसूस करेगा और बाहर के व्यापारी भी इस प्रदेश में इन्वेस्ट करेंगे। इससे प्रदेश की तरक्की सुनिश्चित होगी। उन्होंने केंद्र सरकार को तुरंत प्रभाव से कृषि कानूनों को वापस लेने की सलाह दी।बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है:-

प्रश्न : आपने प्रेस वार्ता की। आखिर उद्देश्य क्या था?
उत्तर :
आज हमारा गुरुग्राम शहर एक मिलेनियम सिटी कहलाता है और इसे मिलेनियम सिटी बनने में 1-2 नहीं बल्कि 15 साल की मेहनत लगी है। आज सरकार पता नहीं किन राजनीतिक दबाव में इस शहर में वर्दी वाले गुंडों की पोस्टिंग कर रही है। दूसरे शब्दों में कहूं कि रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं। एक तरफ सरकार प्रदेश में इन्वेस्टमेंट लाने के लिए करोड़ों रुपए जनता के खर्च कर रही है। आज बेंगलुरु और हैदराबाद आई.टी. के हब हैं। क्योंकि वहां कभी किसी आई.टी. वाले व्यक्ति को इस तरीके से टॉर्चर नहीं किया जाता। कुछ समय पहले ही फरीदाबाद में एक संजय नाम के व्यक्ति की पुलिस टॉर्चर में मौत हो गई थी और आज एक आई.टी. में काम करने वाले व्यापारी से करोड़ों की रिश्वत मांगी गई और 57 लाखों रुपए वसूल भी लिए गए। उसे बिना कंप्लेंट बिना डी.डी.आर और बिना एफआईआर के उसे बंधक बनाकर रखा गया।

प्रश्न :  आज इस केस का क्या स्टेटस है और आपकी क्या मांग है ?
उत्तर :
इस मामले में आरोपी के खिलाफ बहुत हल्की धाराओं में केस दर्ज किया गया। 7 पुलिस वाले थे, डकैती का केस बनता था। लेकिन डकैती में मामला नहीं दर्ज किया गया। जो रंगे हाथ कॉन्स्टेबल पकड़ा गया था। उसके अलावा अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस हाथ-पर-हाथ रख कर बैठी है। जबकि इतने करोड़ों के मामले में एक कॉन्सटेबल का हाथ नहीं हो सकता। यह खेल बहुत ऊपर का है।

प्रश्न : आपकी सरकार से क्या मांग है। क्या आप इसे लेकर किसी बड़े अधिकारी या किसी और से मिले ?
उत्तर :
 मैं सरकार से मांग करता हूं कि तुरंत इस मामले में संज्ञान ले। मैं मुख्यमंत्री महोदय से भी मिलकर आया हूं। इससे प्रदेश की बहुत बड़ी बदनामी है। एक तरफ तो हम कहते हैं कि आप आईटी का लाइसेंस लो। आईटी की लाइसेंस फीस भी बहुत कम है। लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि आईटी वाला व्यक्ति आखिर यहां काम करेगा कैसे? आज हैदराबाद, बेंगलुरु में ज्यादातर बच्चे नॉर्थ इंडिया से हैं। हमारे हरियाणा के बच्चे यहां सुरक्षित माहौल न मिल पाने के कारण वहां जाकर नौकरी करते हैं। मेरी सरकार से प्रार्थना है इस केस में दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। तुरंत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ डकैती का पर्चा दर्ज किया जाए। बड़ी शर्म की बात है कि 7 पुलिसकर्मी फरार हैं। जबकि हरियाणा पुलिस 7 -151 के मुकदमे में तीन पीढ़ियों के लोगों को थाने में बैठा लेती है। लेकिन इस केस में इतनी ढिलाई हो रही है। किसका राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है? कौन-कौन उच्चाधिकारी इनकी मदद कर रहे हैं? यह सब चीजें जनता के सामने आनी चाहिए।

प्रश्न : कुछ समय पहले विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि अगर कोई अधिकारी विधायक की न सुने तो उन्हें बताएं। क्या उसका कुछ असर हुआ ?
उत्तर :
मैं हमेशा राजनीति से ऊपर उठकर बात करता हूं। स्पीकर साहब की चिट्ठी के बाद असर तो हुआ है। हम भी कई बार देखते हैं कि किसी अधिकारी के फोन नहीं उठाने पर हम उनको मैसेज करते हैं तो अधिकारी की कॉल बैक आती है। बेशक थोड़ी देर में आए। परंतु जहां मामला है विधायकों के विशेषाधिकार के हनन का है तो मेरे खुद के दो-तीन मामले स्पीकर साहब के यहां विशेषाधिकार हनन के दे रखे हैं। उन पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।

प्रश्न : बी.जे.पी द्वारा एस.वाई.एल. के मुद्दे को जोर-शोर से उठाना, इसे कैसे देखते हैं ?
उत्तर :
यह सही है कि हरियाणा को अपना हक चाहिए। लेकिन यह सब ध्यान भटकाने की कोशिश है। जब मैं पहले दिन किसानों के समर्थन में जंतर-मंतर पर गया, सिंधु बॉर्डर पर चढूनी साहब से मिला।मैंने अपने प्रेस नोट में भी कहा कि हमारे बड़े भाई पंजाब से हमारे कुछ मतभेद हैं, लेकिन वह बाद की बात है। आज का मुद्दा देश के अन्नदाता का है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक के कृषक का है। आज इस मुद्दे से ध्यान हटाना, बरगलाना बहुत गलत बात है।

प्रश्न : भाजपा का कहना है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार इसमें रोड़ा अटका रही है ?
उत्तर :
पहले हरियाणा में भा.ज.पा. की सरकार थी, पंजाब में भाजपा समर्थित सरकार थी और केंद्र में भी भाजपा की सरकार थी। सभी जानते हैं हरियाणा में दादूपूर नलवी नहर की खुदाई किसके राज में तहस-नहस हुई। मैं इस सरकार से, प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि यह राज इस देश की जनता ने आपको दिया है, इस किसान ने दिया है, हमारे 60 से ज्यादा किसान भाई इस आंदोलन में आपके हठ के कारण शहीद हो गए। इस कड़कड़ाती ठंड में एक संत ने किसानों के हालातों से दुखी होकर खुदकुशी कर ली। लोकतंत्र में जनता जनार्दन भगवान होती है और भगवान से बड़ा कोई नहीं होता। भगवान को पूजो और भगवान की बात मानो।

प्रश्न :  बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस इस आंदोलन को भड़का रही है ?
उत्तर :
मेरी उम्र आज करीब 50 साल की है। हमने अपनी जिंदगी में इतना शांति प्रिय आंदोलन कभी नहीं देखा। आज सिंधु बॉर्डर पर लाखों आदमी है।अगर कांग्रेस पार्टी भड़काने का काम करती तो क्या वह लोग भड़क न गए होते। वह बड़े समझदार और सुलझे हुए लोग हैं। मैं सरकार से एक बात और कहूंगा कि सब्र की इतनी परीक्षा भी मत लो की सब्र टूट जाए।

प्रश्न : आपको क्या लगता है कि 7-8 वार्ताओं में से कोई सफल नहींं हो पाई। अभी भी पेंच वही फंसा है ?
उत्तर :
पेंच सरकार फंसा रही है, हठ कर रही है। लोकतंत्र में हठ नहीं होता। लोकतंत्र का सिद्धांत है जनता का राज-जनता के लिए, सब चीज जनता की है। हम तो कुछ दिन उनके रखवाले बनते हैं। आते हैं और जाते हैं। हमें जिद नहीं करनी चाहिए। जब जनता इस कानून को नहीं चाह रही तो तुरंत इन कानूनों को वापस ले लेना चाहिए।

प्रश्न : हरियाणा में बहुत इंडस्ट्रियल हब हैं और कोरोना काल के बाद बंद होने की कगार पर हैं। आपके क्या सुझाव है ?
उत्तर :
जैसे यह गुड़गांव कांड हुआ सरकार को सिपाही से लेकर डीजीपी तक, सीपी तक, एसीपी तक, डीसीपी तक, एसएचओ तक कोई भी शामिल हो दोषी पर सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। ताकि व्यापारी का हौसला बड़े, आज व्यापारी इतना डरा हुआ है कि वह बाहर भी नहीं निकल रहा। सबसे पहले व्यापारी को सुरक्षा दो। उससे पूछें कि मामला गुड़गांव का था लेकिन उसने फरीदाबाद में पंचा क्यों दर्ज करवाया? अगर यही हालात रहे तो रहे सहे कारोबार भी चौपट हो जाएंगे। अगर सरकार ने इस मामले में व्यापारी के, उद्योगों के साथ स्टैंड लिया तो मैं समझता हूं कि और अधिक उद्योग हरियाणा में आएंगे जिससे हरियाणा की तरक्की सुनिश्चित होगी।

प्रश्न : कोविड-19 की वैक्सीन आने जा रही है।तैयारियां पूरी हैं। आपका क्या कहना है ? 
उत्तर : बहुत अच्छी बात है प्रभु से, परमपिता परमात्मा से विनती करता हूं कि यह वैक्सीन सफल रहे और हमारा कोई भी देशवासी-प्रदेशवासी इस कोरोना जैसी बीमारी से संक्रमित ना हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static