पंजाब में छापेमारी के विरोध में आज हरियाणा की मंडियों में रहेगी हड़ताल : बजरंग गर्ग

punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 10:20 AM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा) : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने किसान व व्यापारी प्रतिनिधियों से बातचीत करने के उपरांत कहा कि पंजाब में व्यापारियों के संस्थानों पर की गई छापेमारी के विरोध में 25 दिसम्बर शुक्रवार को हरियाणा की सभी अनाज मंडियों में हड़ताल रहेगी।

प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि शांतिप्रिय किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे देश व प्रदेश के व्यापारियों को डराने व तंग करने के लिए पंजाब में छापेमारी की जा रही है। इसी प्रकार केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा में व्यापारियों को नोटिस देकर उन्हें तंग किया जा रहा है, जो लोकतंत्र की हत्या है जबकि आजाद भारत देश में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने व शांति से आंदोलन करने का अधिकार है, मगर केंद्र व प्रदेश की तानाशाही सरकारें  किसान, आढ़ती व आम जनता की आवाज दबाना चाहती हैं, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।

गर्ग ने कहा कि आज सरकार की गलत नीतियों, कोरोना महामारी व 3 काले कृषि कानून बनाने से देश व प्रदेश में कारोबार ठप्प हो गए हैं। यहां तक कि माल का एक राज्य से दूसरे राज्यों में लाना-ले जाना बंद होने के कारण व्यापार, उद्योग, ट्रांसपोर्ट, पैट्रोल पंप व आम कामों पर बहुत बुरा असर पड़ा है जबकि किसानों की सभी मांगें जायज हैं। 3 कृषि कानूनों से देश में पहले से कई गुणा महंगाई बढ़ेगी व बेरोजगारी फैलेगी। जब देश व प्रदेश का किसान व आढ़ती कृषि कानून को नहीं चाहता तो केंद्र सरकार क्यों जबरन इन कानूनों को किसान व आढ़तियों पर थोपना चाहती है?  किसान अपनी ही जमीन में मजदूर बनकर रह जाएगा और प्राइवेट मंडियां बनाने से मौजूदा सरकारी मंडियां बंद हो जाएंगी। बड़ी-बड़ी कंपनियां सब्जी व फल की तरह अनाज की जमाखोरी कर मोटा मुनाफा कमाकर कई गुणा ज्यादा दामों पर बेचेंगी।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static