हरियाणा के प्रोडक्ट्स का दुनियाभर में बजा डंका: 200 से अधिक देशों में निर्यात, देश में छठे स्थान पर पहुंचा राज्य

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:23 PM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा के उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रदेश के उत्पाद आज दुनिया के 200 से अधिक देशों में निर्यात किए जा रहे हैं। निर्यात के मामले में हरियाणा अब देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित राज्यस्तरीय फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) कार्यशाला को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेश से 20.57 अरब अमेरिकी डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात हुआ है, जो पिछले साल के मुकाबले 7.66 प्रतिशत अधिक है। देश के कुल निर्यात में हरियाणा की हिस्सेदारी 4.66 प्रतिशत दर्ज की गई है। अब राज्य सरकार ने अगले 5 वर्षों में इस निर्यात को दोगुना करने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों, MSME सेक्टर और किसानों से नए अंतरराष्ट्रीय बाजार तलाशने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा अन्य देशों के साथ किए जा रहे मुक्त व्यापार समझौतों से हरियाणा के उद्योगों और उद्यमियों के लिए नए और बेहतर अवसर खुल रहे हैं।


कार्यक्रम में पहुंचे उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और उत्पादन क्षमता में लगातार सुधार करना होगा। इसके साथ ही पर्यावरण अनुकूलविनिर्माण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त व सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा के कुल निर्यात में अकेले गुरुग्राम की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। गुरुग्राम से ही सालाना 8.33 अरब डॉलर के सामान का निर्यात किया जाता है, जो राज्य की आर्थिक ताकत को दर्शाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishika Jain

Related News

static