हरियाणा के युवा अब खेलों के बाद फिल्म स्क्रीन पर चमकेंगे, लॉन्च होगी पॉलिसी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 05:30 PM (IST)

चंडीगढ़: खेलों की दुनिया में धाक जमाने के बाद अब हरियाणा के युवाओं को बॉलीवुड की चमक दमक से रूबरू करवाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के युवा अब बॉलीवुड की स्क्रीन पर भी नजर आएंगे। इसकी तैयारी हरियाणा सरकार ने शुरू कर दी है।जनवरी 2020 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुंबई से हरियाणा सरकार की फिल्म पॉलिसी का आगाज करेंगे, जिसमें हरियाणा की कई हस्तियां शामिल होंगी। इस आयोजन को अंतिम रूप देने के लिए मनोहर लाल के प्रिंसिपल ओएसडी नीरज दफ्तुआर, मीडिया एडवाइजर अमित आर्या और निदेशक लोक संपर्क विभाग पीसी मीना मंबई के लिए रवाना हो गए हैं।

यह टीम वहां सतीश कौशिक, रणदीप हुड्डा, सनी देओल सहित अन्य बड़े कलाकारों से मिल कर फिल्म पॉलिसी को अंतिम रूप देंगे। इस बातचीत में यह भी तय होगा कि हरियाणा में फिल्में बनाने के लिए फिल्म उद्योग को क्या छूट दी जाए। जिससे वे फिल्मों की शूटिंग हरियाणा में आकर करें। इससे हरियाणा सरकार की आय तो बढ़ेगी ही, साथ ही हरियाणा के वातावरण और ढांचे से देश दुनिया के लोग परिचित होंगे।

दंगल जैसी फिल्म ने मचाई धूम
आमिर खान की दंगल ने रुपहले पर्दे पर धूम मचाई। जिसमें सब्जेक्ट हरियाणवी था। किरदार भी हरियाणवी रंग और भाषा में नजर आए। इसके अलावा तनु वेड्स मनु में भी कंगना रनावत की हरियाणवी भाषा ने देश भर में धूम मचाई। अब हरियाणा के युवाओं को एक्सपोजर की जरूरत है। जिसका काम हरियाणा सरकार की फिल्म पालिसी करेगी।

यह हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री में छाए
हरियाणा के कई कलाकार अपने संघर्ष और काबिलियत के चलते रुपहले पर्दे पर छो चुके हैं। चाहें वह फिल्म का क्षेत्र हो या फिर गायकी का। सोनू निगम और ऋचा शर्मा गायिकी में धूम मचा रहे हैं। जबकि सतीश कौशिक, रोहताश गौड़, प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा फिल्म इंडस्ट्री में धूम मचाए हैं।

मुख्यमंत्री मनेाहर लाल ने कहा कि मेरा मानना है कि हरियाणा के युवाओं की प्रतिभा को हर जगह मौका मिलना चाहिए। फिल्म पालिसी भी उसकी कड़ी का एक हिस्सा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static