Haryana TOP 10 : राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज चंडीगढ़ पहुंचेगी, प्रदेश की गठबंधन सरकार के विधायकों से मिलकर वोट की करेंगी अपील, पढ़ें हरियाणा की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 01, 2022 - 06:33 AM (IST)

डेस्क : राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 29 जून को खत्म हो गई है और 18 जुलाई को चुनाव में विधायकों और सांसदों द्वारा मतदान किया जाएगा। इसी बीच राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज चंडीगढ़ आएंगी। इस दौरान वे बीजेपी, जेजेपी और सरकार के सहयोगी निर्दलीय विधायको से वोट की अपील करेंगी। द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के सांसदों से भी मिलेंगी और उनके पक्ष में वोट करने की अपील करेंगी। बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू  के सामने विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भी चुनावी मैदान में हैं।

आज चंडीगढ़ में जुटेगा प्रदेश सरकार का विधायक दल, सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में होगी बैठक

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को चंडीगढ़ में विधायक दल की एक बैठक होगी। इस बैठक में बीजेपी विधायकों के अलावा जेजेपी और सरकार समर्थित सभी निर्दलीय विधायक भी उपस्थित रहेंगे। यह बैठक खासतौर पर एनडीए गठबंधन की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए विधायकों के वोट को लेकर की जा रही है। खुद द्रौपदी मुर्मू चंडीगढ़ पहुंचकर सभी विधायकों से मुलाकात करेंगी।

बबीता फोगाट ने कुछ इस कदर कसा संजय राउत पर तंज, एकनाथ शिंदे को बधाई भी दी

महिला कुश्ती स्टार एवं भाजपा नेत्री बबीता फौगाट ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। बबीता ने कहा कि उन्हें संजय राउत की एक बात याद आ रही है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री शिवसेना का ही बनेगा, तो आज शिवसेना का ही मुख्यमंत्री बन गया है। साथ ही उदयपुर की घटना को उन्होंने बेहद घिनौनी घटना करार दिया है।

पीयू को लेकर पंजाब विधानसभा के प्रस्ताव पर भड़के विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने पंजाब विधानसभा के दूसरे बजट सत्र के दौरान वीरवार को पंजाब विश्वविद्यालय को लेकर पारित किए गए प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई है। गुप्ता ने कहा कि यह प्रस्ताव न तो तथ्यात्मक रूप से ठीक है और न ही सैद्धांतिक कसौटी पर खरा उतरता है। यह प्रस्ताव मात्र हरियाणा और विशेषकर पंचकूला के हितों पर कुठाराघात करने के उद्देश्य से पास किया गया है।

यमुनानगर बिजली निगम में हुए 49 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े की जांच करेगी ईडी

बिजली निगम में हुए 49 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मामले की जांच अब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को सौंपी गई है। फर्जीवाड़े में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कितनी संपत्ति बनाई है, इसे लेकर अब ईडी जांच करेगी। इसके लिए ईडी ने बिजली निगम के एसई कार्यालय से संबंधित रिकॉर्ड कब्जे में ले लिए हैं। 

स्कूली छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, फ्री में कोचिंग के लिए योजना लेकर आई सरकार

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अब शुरू से ही तैयार किया जाएगा। नौवीं कक्षा के छात्रों को कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए गुरुवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम से बुनियाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सेकेंडरी शिक्षा विभाग के महानिदेशक डॉ जे.गणेशन की ओर से आज प्रदेश के 51 बुनियाद सेंटर से एक साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। 

हरियाणा सरकार ने 134 ए को किया समाप्त, गरीब बच्चे RTE के तहत प्राइवेट स्कूलों में ग्रहण कर सकेंगे शिक्षा

लंबे समय से अभिभावकों की मांग और स्कूल संचालकों के विरोध के बीच अब प्रदेश सरकार ने 134 ए को समाप्त करके गरीब बच्चों को आरटीई के तहत प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा पाने के अधिकार पर मुहर लगा दी है। प्रदेश सरकार ने 180000 रुपए से कम आमदनी वाले परिवारों को परिवार पहचान पत्र के माध्यम से यह सुविधा दी है।  जो कि 1 जुलाई से लागू हो जाएगी। 

एमएसएमई के क्षेत्र में प्रदेश ने गाड़े झंडे, देश के टॉप-3 राज्यों में शामिल हुआ हरियाणा

एमएसएमई के क्षेत्र में हरियाणा देश के टॉप-3 राज्यों में शामिल है। हरियाणा सरकार द्वारा एमएसएमई के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल हुआ है। नई दिल्ली में भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय द्वारा उद्यमी-भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘एमएसएमई नेशनल अवार्ड’ समारोह में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के उपमुख्यमंत्री  दुष्यंत चौटाला को यह अवार्ड दिया गया है।

कृष्ण दर्शन के लिए लोगों को मथुरा-वृंदावन के साथ ही कुरुक्षेत्र भी पहुंचना चाहिए- सीएम 

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थानम पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने वीरवार को भगवान श्री कृष्ण के विराट स्वरूप का किया लोकार्पण। इस दौरान गृहमंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, और राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी इस समारोह में शामिल हुए। 

पानी-पानी हुआ यमुनानगर, मानसून की पहली बारिश ने ही खोली निगम के इंतजामों की पोल

मानसून की पहली बरसात से हरियाणा में कहीं राहत मिली तो कहीं आफत की स्थिति नजर आई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सड़कें तालाब और नदियों में तब्दील हो गई हैं। यमुनानगर में भी मानसून की बरसात के सामने नगर निगम के इंतजाम नाकाफी साबित हुए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि पहली बरसात में ये हाल है तो आगे क्या होगा।

खत्म हुआ गदपुरी टोल पर लगा धरना, कल रात 12 बजे से शुरू हुई टोल की वसूली

नेशनल हाईवे नंबर 19 पर गांव गदपुरी के पास बनाए गए टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर पिछले 40 दिनों से टोल पर धरना दे रहे ग्रामीणों और टोल हटाओ संघर्ष समिति ने धरना खत्म कर दिया  है। टोल प्लाजा चलाने वाली कंपनी क्यूब ने समिति की मांगों को मान लिया है। टोल को आज से  सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static