पत्नी से शारीरिक संबंध बनाने की जबरन कोशिश करता था एचआईवी पॉजिटिव पति, मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Oct 09, 2021 - 03:07 AM (IST)

यमुनानगर (सुमित ओबेरॉय): हरियाणा के जिला यमुनानगर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यमुनानगर की रहने वाली एक महिला एचआईवी पॉजिटिव पति से परेशान जो उससे शारीरिक संबंध बनाने की जबरन कोशिश करता है। महिला अपने पति से बचने के लिए खुद को कमरे में बंद कर लेती है, उसे डर है कि जो बीमारी उसके पति को है वह कहीं उसे भी न हो जाए। इसके चलते ससुराल में प्रताडि़त हो रही महिला ने आखिर में शादी के 10 साल बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे दहेज के लिए भी उसे प्रताडि़त किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी साल 2011 में दिल्ली निवासी युवक से हुई थी। शादी में आई-10 कार के अलावा गहने व अन्य सामान भी दिया था। परंतु शादी के अगले ही दिन उसका ससुर उसे कहने लगा कि वह तो उम्मीद लगाए बैठे थे कि उन्हें शादी में वर्ना कार व 10 लाख रुपये मिलेंगे। इसके बाद पति उसके हनीमून के लिए केरला ले गया। जहां पर वह कई दिन तक रूके परंतु पति ने उससे दूरी बनाए रखी। वापस लौटने पर ससुराल वालों ने फिर से उसे तंग करना शुरू कर दिया। 



शिकायत के मुताबिक, यह बात पीड़िता ने अपने मायके वालों को बताई तो उन्होंने कुछ नगद राशि ससुराल वालों को दी। वर्ष 2012 में पति उसे दुबई ले गया। वह कहने लगा कि दोनों वहीं पर नौकरी करेंगे। दुबई पहुंचने पर पति का टेस्ट किया गया जिसमें वह एचआइवी पॉजिटिव मिला। यह सुनते ही वह हैरान रह गई। दो माह बाद ही पति को दुबई से वापस भारत भेज दिया गया। 

महिला का आरोप है कि उसके पति का पहले किसी महिला के साथ संबंध थे जो एचआइवी पॉजिटिव थी। महिला से वह बीमारी उसके पति को लगी। शादी के बाद उसे फिर से दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाने लगा। कुछ दिन बाद ससुराल वाले उस पर बच्चे पैदा करने का दबाव बनाने लगे। परंतु एड्स की बीमारी उसे न लग जाए इसलिए उसने ऐसा करने से मना कर दिया। जिसके बाद उसके साथ मारपीट की जाने लगी। वर्ष 2016 में उसने आइवीएफ तकनीक से एक बेटी को जन्म दिया। कुछ दिन बाद उसके ससुर की मौत हो गई। इसके बाद सास ने फिर से उस पर बच्चे पैदा करने का दबाव बनाया। जांच कराने पर पता चला कि इस बार आइवीएफ तकनीक से उसके गर्भ में जुड़वा बच्चे हैं। जिनमें से एक बच्चे का पति व सास ने गर्भपात करवा दिया। कुछ माह बाद उसे फिर से बेटी को जन्म दिया। बेटी होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी।

Haryana

इसके बाद पति नशे की हालत में घर आता और जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता। परंतु बीमारी के डर से वह मना करती रही। बचने के लिए वह खुद को कमरे में बंद कर लेती और कई बार तो उसने छत पर टहलते हुए रात काटी है। आरोप है कि कार व रुपये की मांग पूरी न होने पर उसे दोनों बेटियों के साथ घर से निकाल दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static