किसान आंदोलन के समाधान हेतु मैं मध्यस्थता करने के लिए तैयार :दुष्यंत चौटाला

punjabkesari.in Friday, Nov 19, 2021 - 09:23 AM (IST)

चंडीगढ(धरणी): हरियाणा के कुशल, बेहद शिक्षित और बेहद कम उम्र के राजनीतिज्ञ उपमुख्यमंत्री चौधरी दुष्यंत चौटाला जिनकी 10 माह पहले जन्मी राजनीतिक पार्टी जननायक जनता पार्टी प्रदेश की सत्ता में मजबूत साझीदार है और वह प्रदेश के बेहद महत्वपूर्ण पद उपमुख्यमंत्री पर आसीन है। 2 साल के कार्यकाल के दौरान विपक्षियों द्वारा खूब आरोप-प्रत्यारोप लगे। लेकिन सही दिशा और दशा अपनाते हुए अपनी मंजिल की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाते हुए बिना रुके- बिना झुके आगे बढ़ते चले गए। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व बड़ी सूझबूझ और कुशलता से करते रहे।

विभागों में घोटाले होने का आरोप भी विरोधियों ने खूब लगाए। लेकिन बिना प्रवाह किए समय-समय पर तरह-तरह के बदलाव विभागों में करते चले गए। आज इनके विभागों द्वारा प्रदेश को बड़ा रेवेन्यू और बड़ा लाभ मिल रहा है। आज पंजाब केसरी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौधरी दुष्यंत चौटाला से महत्वपूर्ण और एक्सक्लूसिव वार्तालाप किया। जिसमें उन्होंने विरोधियों को खुलकर जवाब देते हुए कहा कि ताना मारने वाले जो लोग कहते थे कि यह सरकार 3 महीने या 6 महीने चलेगी बता देना चाहता हूं कि अगले 3 साल भी यह सरकार हिलने वाली नहीं है। दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि 40  किसान नेताओं में से जो भी आंदोलन का समाधान चाहता है। चाहता है कि केंद्र से बातचीत हो। मैं खुद स्वयं कल सुबह ही उन्हें ले जाने के लिए तैयार हूं।मैं मध्यस्थता करने को तैयार हूं। आप आइए बात करके इस मामले को निपटाते हैं। रास्ता बातचीत से ही निकलेगा। अगर आप बैठे रहेंगे- अड़े रहेंगे तो रास्ता नहीं निकल सकता प्रदेश का विकास पर प्रदेश की उन्नति लगातार इसी तरह अडिग चलती रहेगी और भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर उनसे बातचीत हुई:- जिसके कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रशन:- गठबंधन सरकार के आप महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सरकार में 2 साल का अनुभव कैसा रहा ?
उत्तर:-
बहुत अच्छा अनुभव रहा। हमने मिलकर विकास किया और दोनों दलों ने जो जो वायदे किए अधिकतम वायदे पूरे करने का काम किया है और उम्मीद करता हूं कि अगले 3 साल में हरियाणा को प्रगति के पथ पर बेमिसाल बनाने का काम दोनों दल मिलकर करेंगे।

प्रशन:- जेजेपी के घोषणा पत्र में से ऐसे कौन से फायदे हैं जो आपने पूरे किए ?
उत्तर:-
घोषणापत्र फिलहाल मेरे हाथ में नहीं है। लेकिन सबसे बड़ा फायदा प्रदेश के युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में 75 फ़ीसदी नौकरियां देने का था। वह मैंने पूरा किया है। यह युवाओं का अधिकार है। महिलाओं को पंचायती राज में 50 फ़ीसदी की हिस्सेदारी, जुडिशरी कोर्टस में हिंदी को प्राथमिक भाषा के रूप में अधिकार देने जैसे कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। भारतीय जनता पार्टी और हमने मिलकर डिजिटाइजेशन- मॉडलाइजेशन पर तेजी से कदम बढ़ाए हैं। सुमित्र के माध्यम से लाल डोरा से लेकर गांव तक की संपत्तियों को आईडी देने का हमने काम किया है। लगातार डीसी रेट और ठेकेदारी प्रथा से लोग परेशान थे। निरंतर शिकायतें आती थी। हमारी सरकार ने कौशल रोजगार निगम के माध्यम से ऐसी व्यवस्था बनाई है जिसमें एक सुगम और बेहतर तरीके से बच्चों को रोजगार मिलेगा। जिन बच्चों को आज नौकरी की जरूरत है। वह ऑनलाइन अप्लाई करेगा और डिजिटल माध्यम से जहां-जहां वैकेंसी होंगी, उसका डाटा उपलब्ध होगा और साथ के साथ बच्चे को रोजगार मिलेगा।

 

 प्रशन:- अगले 3 साल में आपका रोड मैप क्या है। मुख्य फोकस कहां रहेगा ?
 उत्तर:-
पहली खुशखबरी हमें मारुति वाली मिल गई है। इंडस्ट्रीलाइजेशन प्रदेश में लगातार बढ़ रही है। लोग हमारे प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं।हमारे पास 6000 करोड़ की इन्वेस्टमेंट सिर्फ लैंड से पिछले 2 साल में आई है। चाहे फ्लिपकार्ट हो, एटीएल हो या सीमेंट से पेंट बनाने का काम करने वाली बिरला की इंडस्ट्री हो, यह प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होंगी। रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। अब हिसार एविएशन हब केवल प्रदेश का ही नहीं नॉर्थ इंडिया बल्कि एशिया तक का ऐसा प्रोजेक्ट होगा जहां लोग आकर इन्वेस्ट करेंगे और जो हम ई व्हीकल (ग्रीन एनर्जी) की तरफ जा रहे हैं, उसकी पॉलिसी भी हम जल्द ही लाने का काम करेंगे। जो कि प्रदेश के लिए एक नई ऊर्जा साबित होगी। नए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और यहां गाड़ियां बननी शुरू होंगी।

 

प्रशन:- पिछले 2 साल में आपके विभागों में भ्रष्टाचार होने के लगातार आरोप लगे। निशाना भी आप रहे। इस पर आप क्या कहेंगे ?
उत्तर:-
मैं उन लोगों का धन्यवाद करता हूं। जब मैं सिस्टम को सुधारने लगा, लोगों की कमियां पकड़ने लगा तो लोगों को घबराहट हुई तो उन चीजों को मुद्दा बनाया गया। क्या हमारा एक्साइज रिवेन्यू 1 साल में कोरोना काल के बावजूद 400 करोड रुपए नहीं बड़ा। उसके मैंने 7ए एक्ट में संशोधन किया।उसे स्ट्रीम लाइन किया। गुड़गांव में इतिहास में हजारों रजिस्ट्री 7ए के तहत हुई। आज वह केवल 1200 तक सीमित कैसे हो गई। यह केवल एक्ट में तब्दीली का असर है। यह स्वभाविक है कि बदलाव के साथ विरोध होता है।मैंने एक्साइज एक्ट में बदलाव करके यह कहा कि नकली शराब पकड़ने पर मालिक तक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। इसका भी विरोध कांग्रेस ने डटकर किया और आज  लगातार इस प्रकार के मुकदमे भी दर्ज हो रहे हैं और गिरफ्तारियां भी हो रही है। लगातार छापामारी की जा रही है। पिछले 2 साल में हमने नकली शराब बनाने की 14 फैक्ट्रियां पकड़ी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। 1 साल में 1224 मुकदमे दर्ज हुए। जो हमारे काम को स्पष्टता देते हैं। लोगों ने बहुत कहा कि 3 महीने, 6 महीने या 1 साल में सरकार गिर जाएगी। विरोधियों ने बहुत ताने मारे। लेकिन मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि गठबंधन मजबूती से चल रहा है और चलता रहेगा।

 

प्रशन:-  राजनीति में जेजेपी को 10 माह हुए थे और सत्ता में बड़ी भागीदार बन गयी। आप उप मुख्यमंत्री बने नया तजुर्बा कैसा रहा ?
उत्तर:-
बहुत अच्छा एक्सपीरियंस रहा। अगले 3 साल भी प्रदेश के हित-विकास के लिए गठबंधन काम करता रहेगा। उम्मीद करता हूं कि आगे भी लोकसभा विधानसभा में दोनों दल मिलकर आगे बढ़ेंगे।

 

प्रशन:- क्या अगस्त में खाली होने वाली राज्यसभा की 2 सीटों पर आपका दावा रहेगा ? 
उत्तर:-
यह फैसला दोनों पार्टियां बैठकर करेंगे। पहले भी इस प्रकार के निर्णय बैठकर किए गए हैं। पार्टियों का यह इंटरनल मामला है।

 

प्रशन:- हरियाणा की पराली को दिल्ली प्रदूषण का बड़ा कारण बताया जा रहा है। आप क्या मानते हैं ?
उत्तर:-
माननीय सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करना चाहूंगा। जिस ने रिपोर्ट पढ़ने के बाद स्वयं कहा कि दिल्ली में 10 फ़ीसदी प्रदूषण पराली का है और 70 फ़ीसदी प्रदूषण दिल्ली के ट्रैफिक का है। दिल्ली को खुद सोचना होगा कि इस समस्या का निपटारा कैसे किया जाए। आज तो अल्टरनेट टेक्नोलॉजी जो चाइना इस्तेमाल कर रहा है। मैंने प्रधानमंत्री को स्वयं पत्र लिखा था कि हमें क्लाउड सीडिंग की तरफ जाना होगा। आर्टिफिशियल रेन के माध्यम जैसे दूसरे देश अपना रहे हैं इसी और हमें भी आगे बढ़ना होगा।

 

प्रशन:- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यमुना के प्रदूषित पानी का आरोप भी हरियाणा पर लगा रहे हैं ?
उत्तर:-
केजरीवाल हरियाणा पर आरोप जरूर लगाते हैं लेकिन दिल्ली पार करके हरियाणा में देख कर नहीं जाते कि हरियाणा में यमुना के पानी की स्थिति क्या है, दिल्ली में जाते जाते उसकी क्या हालत बन जाती है। आज खुद केजरीवाल का बयान है कि हम पुराने एसटीपी को नए एसटीपी बनाएंगे। नया प्लान बनाएंगे। दिल्ली से साफ पानी डालेंगे। यह अपने आप एक जवाब है। दिल्ली के पानी को गंदा करने की जिम्मेदार खुद दिल्ली है। अगर मैं फरीदाबाद खड़ा होकर पानी का सैंपल लेकर यह बोलो कि दिल्ली ने पानी गंदा भेजा है तो उस पर केजरीवाल पीछे नहीं हट पाएंगे। मुझे याद है कि जब केजरीवाल मुख्यमंत्री भी नहीं थे। मैं सांसद था। मैंने लोकसभा के सदन में खड़े होकर प्रश्न पूछा कि बताएं कि 560 करोड़ की लागत से यमुना की सफाई करवाई गई क्या यमुना साफ है तो सुषमा जी ने स्वयं कहा कि हम पूरी तरह से कामयाब नहीं हो पाए हैं। इसलिए कहूंगा कि यह केंद्र सरकार को एक्शन प्लान बनाना पड़ेगा। जैसे नमामि गंगे में गंगा की सफाई करवाई गई वैसे ही एक बड़ा प्लान हमें तीनों डैम लखवार, कुमाउ और रेणुका से लास्ट पॉइंट तक का प्लान बनाना होगा।

 

 प्रशन:- उत्तर प्रदेश-पंजाब चुनावों में जेजेपी की भूमिका क्या रहने वाली है ?
 उत्तर:-
हमारी भूमिका बहुत मजबूत रहेगी। इस बारे चर्चा चल रही है और उम्मीद करते हैं कि जिस प्रकार से हमने संगठन का दूसरे प्रदेशों में विस्तार किया है। अगर अच्छे उम्मीदवार मिले और उम्मीदवारों की अच्छी लोकप्रियता रही तो पार्टी वहां चुनाव लड़ेगी।

 

प्रशन:- जेजेपी इन चुनावों को अकेले लड़ेगी या गठबंधन में ?
उत्तर:-
बीजेपी की केंद्र लीडरशिप से बातचीत करके इस बात का फैसला करेंगे।

 

 प्रशन:- पंजाब में कैप्टन को मुख्यमंत्री पद से हटाकर चन्नी को बनाना और संगठन की कप्तानी सिद्धू को देना कॉन्ग्रेस के इस फैसले को किस नजर से देखते हैं ?
 उत्तर:-
कांग्रेस के इस फैसले का जवाब उन्हें आने वाले समय में अपने आप मिल जाएगा। पंजाब की राजनीति में इस बार एक बहुत बड़ा भूचाल आएगा। केवल 4 महीने चुनावों को रह गए हैं। पंजाब की जनता पंजाब के भविष्य को देखकर फैसला करेगी।

 

 प्रशन:- आपके द्वारा चौटाला शब्द के प्रयोग पर आपके चाचा अभय सिंह द्वारा नाराजगी पर क्या कहेंगे ?
 उत्तर:-
उत्तर मैं उन्हें सीरियस पॉलीटिशियन नहीं मानता। जो इस प्रकार की क्या करते हैं। असली बात पर आएं। प्रदेश में विकास पर चर्चा करें तो जवाब दूंगा।बादल परिवार,मजीठिया व बहुत सी हस्तियों द्वारा अपने गाँव के नाम को साथ जोड़ा जाता है।

 

 प्रशन:- नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा आजकल विपक्ष-जनता के समक्ष कार्यक्रम के तहत आपकी सरकार की पोल पट्टी खोलने का दावा कर रहे हैं ?
 उत्तर:-
मैं तो 2 साल से इंतजार कर रहा था कि हुड्डा साहब कब आकर विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। 2 साल से अगर वह विपक्ष की भूमिका ईमानदारी से निभाते तो प्रदेश और बेहतरी से विकास करता। वह किसान आंदोलन को किसी ना किसी तरीके से सपोर्ट करने में लगे रहे। आप खुद देखें कि पंजाब में कांग्रेस किसान आंदोलन का विरोध करती है और हरियाणा में सपोर्ट करती है। यह उनकी सोच को स्पष्ट दर्शाता है। इससे साफ है कि इस पूरे आंदोलन को कौन सपोर्ट और कौन मोटिवेट कर रहा है।धीरे-धीरे जो अराजकता आई है, मुझे लगता है जो भाईचारा और माहौल खराब हुआ है वह प्रदेश की प्रगति को रोकने का काम कर रहा है।

 

प्रशन:- इस आंदोलन का समाधान आप क्या मानते हैं ?
उत्तर:-
हम पूरी तरह से तैयार हैं। हमने बातचीत के लिए कमेटी भी भेजी।लेकिन यूनियन कमेटी से बातचीत के लिए नहीं आई। मैं पहले भी कहता था और आज भी कह रहा हूं कि इन 40  किसान नेताओं में से जो भी आंदोलन का समाधान चाहता है। चाहता है कि केंद्र से बातचीत हो। मैं खुद स्वयं कल सुबह ही उन्हें ले जाने के लिए तैयार हूं।मैं मध्यस्थता करने को तैयार हूं। आप आइए बात करके इस मामले को निपटाते हैं। रास्ता बातचीत से ही निकलेगा। अगर आप बैठे रहेंगे- अड़े रहेंगे तो रास्ता नहीं निकल सकता।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static