शराब ठेके के विरोध में फिर लगाया जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

punjabkesari.in Sunday, Aug 14, 2022 - 11:59 AM (IST)

जींद  : सफीदों गेट पर हिंदू कालेज के सामने शराब ठेका खोले जाने के विरोध में महिलाओं ने शनिवार को फिर से जाम लगाया। जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मौके पर पार्षद नरेश सैनी ने कहा कि प्रशासन शराब ठेका बंद नहीं कर रहा है। इस बारे में कई बार अनुरोध किया जा चुका है। अब तक ठेका खोलने की अप्रूवल भी नहीं मिली है, लेकिन ठेकेदार द्वारा तानाशाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां पर ठेका खोला जा रहा है, उसके सामने रिहायशी इलाका है। बिल्कुल सामने लड़कियों का कालेज है।
लड़कियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। रैडक्रास का कामकाजी महिला आवास है और अस्पताल भी है, इसलिए लोगों का यहां आना-जाना लगा रहता है। जाम लगा रही महिलाओं ने कहा कि शराब का ठेका खुलने से उनको परेशानी हो रही है। लोग शराब पीकर गली में पड़े रहते हैं।

इस कारण उनका रहना मुश्किल हो रहा है। टीम अन्ना के सदस्य सुनील वशिष्ठ ने कहा कि प्रशासन को तुरंत लोगों की समस्या का समाधान करना चाहिए। शराब ठेका बंद करने की मांग लोग कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि यहां से ठेका तुरंत प्रभाव से शिफ्ट किया जाना चाहिए।

इस मौके पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि यदि 17 अगस्त तक ठेके को यहां से शिफ्ट नहीं किया गया तो 17 अगस्त को यहां पर हनुमान चालीसा का पाठ होगा। किसी भी कीमत पर यहां पर ठेका नहीं चलने दिया जाएगा। इसके लिए चाहे उन्हें कितना भी बड़ा आंदोलन करना पड़े, वह पीछे नहीं हटेंगी। महिलाओं ने कहा कि शराब ठेका खुलने से कालोनी का माहौल खराब हो रहा है। शनिवार को लगाए गए जाम में भारी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। बच्चे भी शराब ठेके को यहां से बंद करने की मांग कर रहे थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static