भ्रष्टाचार के मामले में कैथल का SDM गिरफ्तार, 3 जनवरी को ही इस पद पर किया था ज्वाइन

punjabkesari.in Wednesday, Jan 19, 2022 - 08:42 AM (IST)

कैथल : अम्बाला विजीलैंस टीम ने भ्रष्टाचार के एक मामले में जांच दौरान कैथल एस.डी.एम. अमरेंद्र सिंह को कैथल से गिरफ्तार कर लिया। अमरेंद्र ने गत 3 जनवरी को ही कैथल एस.डी.एम. के पद पर ज्वाइन किया था और इसके बाद वह एक-दो दिन ही कार्यालय में आए थे। आज एस.डी.एम. डाक निकालने के लिए कैथल पहुंचे थे। जब वे अपने कार्यालय में बैठे थे कि अचानक अम्बाला विजीलैंस की टीम कैथल पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। एस.डी.एम. की गिरफ्तारी की पुष्टि कैथल उपायुक्त प्रदीप दहिया ने भी की है। 

उन्होंने कहा कि उन्हें स्टाफ से ही सूचना मिली है। जानकारी अनुसार अमरेंद्र कैथल में एस.डी.एम. का पद ज्वाइन करने से पहले अम्बाला में आर.टी.ए. के पद पर थे और उस समय भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। चीका के ही एक ट्रांसपोर्टर देवराज ने विजीलैंस को शिकायत दी थी। आरोप थे कि आर.टी.ए. कार्यालय द्वारा कुछ वाहनों को पैसे लेकर विशेष स्टीकर दिए जाते हैं। जिस वाहन पर ये स्टीकर होते हैं, चाहे वे ओवरलोडिड ही क्यों न हों या नियम पूरे नहीं करते हों उन्हें बिना किसी जांच या चालान के जाने दिया जाता है।

इसके बाद विजीलैंस ने मामले में एक पुलिस ए.एस.आई. को भी हिरासत में लिया था। इसके बाद ए.एस.आई. को सरकारी गवाह बनाते हुए कहा गया था कि अगर वह भ्रष्टाचारियों के नाम बता देगा तो उसकी सजा माफ करवाई जाएगी। इस पर ए.एस.आई. ने सरकारी गवाह बनने पर सहमति जताई थी और उसने बताया था कि ट्रांसपोर्टरों से लिया जाने वाला पैसा तत्कालीन अम्बाला के आर.टी.ए. अमरेंद्र सिंह तक भी जाता था। इसी मामले में अब अम्बाला विजीलैंस ने कैथल एस.डी.एम. अमरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static