जनता ने प्रदेश की गठबंधन सरकार को आइना दिखाया: केवल ढींगड़ा

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2020 - 02:28 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के पूर्व मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के मीडिया सलाहकार केवल ढींगड़ा ने हाल ही के उपचुनाव परिणाम को भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की कार्यशैली की जीत बताया और कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब के साथ खड़ी रही और खड़ी रहेगी। इसी का परिणाम है कि बरोदा ने गठबंधन प्रत्याशी को भारी मतों से हराया।

उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती की पहली शुरूआत है। कांग्रेस पार्टी गरीब, किसान, छोटे दुकानदार और मजदूर की पार्टी है। जिस प्रकार से भाजपा की मौके पर सरकार है और कई महीनों से भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता बरोदा में डेरा डाले रहे। उसके बावजूद कांग्रेसी उम्मीदवार इंदु राज नरवाल ने बड़ी जीत दर्ज की। यह तो साफ है कि जनता ने भा.ज.पा. सरकार को आईना दिखाया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बरोदा क्षेत्र में बहुत काम किया है, बहुत विकास किया है। यह उसी का एक परिणाम है।

केवल ढींगड़ा ने कहा की हुड्डा साहब हमारे सीएलपी नेता है। यह उनका इलाका है। उन्होंने जिस प्रकार से प्रचार किया, किसानों की बात की तभी यह जीत निश्चित हो पाई है। असल में यह जीत आम आदमी की जीत है और कांग्रेस इनके पीछे खड़ी है। इसलिए यह कांग्रेस की जीत है। बरोदा एक किसान बाहुल्य क्षेत्र है और खासतौर पर हरियाणा और पंजाब में तीन कृषि कानूनों का कड़ा विरोध हो रहा है और इस क्षेत्र के लोग भी इसका खुलकर विरोध कर रहे थे। तो साफ है कि लोगों में नाराजगी थी और उसी का यह परिणाम है। जनता ने गठबन्धन को आईना दिखाया है। 

इससे यह तो साफ है कि जेजेपी का तंत्र खत्म हो चुका है। भाजपा और जजपा का सांझा उम्मीदवार होने के बावजूद कांग्रेसी उम्मीदवार की बड़ी जीत मौजूदा सरकार के मुंह पर तमाचा है। केवल ढींगड़ा ने कहा की भारतीय जनता पार्टी के विधायकों को यह महसूस हो चुका है कि भारतीय जनता पार्टी की जमीन खिसक गई है। जिस प्रकार से भाजपा सरकार ने देश में नोटबंदी, जीएसटी थौंपी और अब यह किसान विरोधी बिल इनसे हर आदमी की आर्थिक हालत बिगड़ी है। 

किसान बर्बाद होने की कगार पर खड़ा है। हर आम आदमी इस राज में अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। इससे मौजूदा विधायकों को भी पता है कि आने वाले समय में जनता के बीच किस मुंह से जाएंगे। जब एग्जिट पोल आए थे। तभी यह पता चल चुका था कि भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। हरियाणा की जनता को पता है कि कांग्रेस ने हरियाणा में बहुत अच्छा काम किया। आम आदमी, किसान, छोटे दुकानदार, मजदूर वर्ग के साथ हमेशा कांग्रेस खड़ी दिखती है। नतीजा आपने भी देख ही लिया जनता ने खुले दिल से कांग्रेस को अपनाया है और भारतीय जनता पार्टी को ठुकराया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static