Uttarakhand Election 2022: कुमाऊं में खट्टर ने किया भाजपा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत

punjabkesari.in Tuesday, Feb 01, 2022 - 06:28 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): उत्तराखंड में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार से चुनाव प्रचार अभियान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ भाजपा ने कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी से चुनाव अभियान की शुरुआत की। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास हुआ है और आने वाले समय में भी राज्य को डबल इंजन सरकार की दरकार है। इससे प्रदेश का विकास दोगुनी रफ्तार से होगी। भाजपा की ओर से गढ़वाल एवं कुमाऊं दोनों मंडलों में आज इस अभियान का प्रारंभ किया गया। गढ़वाल के विकास नगर में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से इस अभियान की शुरूआत की गई तो हल्द्वानी और लालकुआं में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस अभियान को धार दी।

PunjabKesari
खट्टर ने भाजपा उम्मीदवार डॉ. जोगेन्दर रौतेला के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थिति वाला प्रदेश है और मैदानी राज्यों की अपेक्षा यहां का विकास अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी देवभूमि से विशेष लगाव रखते हैं और इसलिए उन्होंने प्रदेश के चहुंमुखी विकास में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बदरी-केदार के पुनरूद्धार के साथ ही चार धाम परियोजना, ऑलवेदर रोड विकास परियोजना के साथ ही प्रदेश में हवाई, रेल एवं सड़क मार्गों का विकास हुआ है।

PunjabKesari
केन्द्र ने प्रदेश को पिछले 5 साल में एक लाख करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी है। प्रदेश में दो-दो रेल लाइन बनाई जा रही हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर सर्वे का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि देश को भाजपा ने अटल और मोदी के रूप में दो-दो विजनरी प्रधानमंत्री दिये हैं। अटल जी ने जहां राज्य का निर्माण किया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड को संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने भी प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिया था। इससे प्रदेश में उद्योगों का जाल बिछा। प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश का ढांचागत विकास करने में लगे हैं। इस साल के बजट में कई विकासपरक योजनाओं को हरी झंडी दी गई है, जिनमें 80 किमी रोपवे योजना के साथ ही गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शामिल है।

PunjabKesari
खट्टर ने कहा कि उत्तराखंड देश में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाले राज्यों में दूसरे नंबर पर है जबकि हरियाणा इस सूची में पहले नंबर पर है। उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र सरकार उत्तराखंड को नंबर वन राज्य बनाना चाहती है। राज्य में ढांचागत विकास के साथ ही लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड एक सैनिक बहुल प्रदेश है और मोदी सरकार की ओर से ही सीमा पर तैनात अपने सैनिकों की हर प्रकार से चिंता की जा रही हैै। चाहे वन रैंक वन पेंशन का मामला हो या फिर सैनिकों को आधुनिक वर्दी प्रदान करने का काम मोदी सरकार सैनिकों के वेलफेयर के लिए हमेशा आगे रही है। इसके बाद खट्टर लालकुआं के लिए रवाना हुए और उन्होंने भाजपा के मोहन बिष्ट के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static