किसान आंदोलन : टोल प्लाजा पर किसानों के बीच पहुंचे गुरनाम सिंह चढूनी, कहा- यूं ही जारी रहेगा संघर्ष

punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 01:34 PM (IST)

डेस्क : किसानों ने 25 दिसम्बर यानि आज देश भर में टोल प्लाजा पर्ची फ्री कराए जाने को लेकर कमर कस ली है। किसानों की तरफ से कृषि कानूनों को लेकर आज 3 दिन के लिए टोल प्लाजा बन्द करवाया गया है। स्थानीय स्तर पर किसान नेताओं की तरफ से 25 दिसंबर को टोल प्लाजा पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है।

करनाल (विकास) : किसानों के आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए आज टोल प्लाजा फ्री करवा दिया गया। 3 दिन के इस टोल फ्री प्रदर्शन में किसानों ने सुबह से टोल को फ्री करवा कर वहां धरना देना शुरू कर दिया। वहां पर लंगर की व्यवस्था भी की गई है, यहां किसानों के बीच भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी पहुंचे। उन्होंने हर मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक तीनों कानून वापिस नहीं लेगी तब तक किसानों का संघर्ष यूं ही जारी रहेगा। वहीं अम्बाला में जो किसानों के खिलाफ मुख्यमंत्री का विरोध करने पर जो मामले दर्ज हुए हैं उस पर चढ़ूनी ने कहा कि ये अति निंदनीय है, हम आगे भी इसी तरह से विरोध करेंगे और जब कोई राजा, राक्षस बन जाता है तो ऐसे ही विरोध होता है।

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी जी जयंती के मौके पर केंद्र सरकार द्वारा लाखों किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये डाले जाने के पर चढ़ूनी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हमे भीख देना चाहती है। वहीं उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा किसानों और सरकार के बीच मध्यस्ता करवाने के सवाल पर पर चढ़ूनी ने कहा हरियाणा में किसानों के सिर फोड़े गए, लट्ठ मारे गए, किसानों पर मामले दर्ज किए गए। दुष्यंत चौटाला देवीलाल के नाम पर कलंक है। हमें उसकी कोई मध्यस्ता की जरूरत नहीं है। फिलहाल अब देखना होगा कि 3 दिन तक किया गया टोल प्लाजा के बन्द का आह्वान कितना सफल होता है, लेकिन इस आंदोलन में सब किसान एक साथ इकट्ठे हो गए हैं और उनका कहना है कि तब तक एक साथ हैं जब तक सरकार कृषि कानून वापिस नहीं ले लेती।

अम्बाला (अमन) :   दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाइवे पर स्थित शंभु टोल प्लाजा को किसानों ने 3 दिन के लिए फ्री करवा दिया है। आज से लेकर 27 तारीख तक शंभु टोल प्लाजा फ्री रहेगा और इस दौरान किसान भी शंभु टोल प्लाजा पर ही शांतिपूर्व धरना देंगे। दिल्ली में किसानों और सरकार की कई दौर की वार्ता फेल होने के बाद अब किसानों ने लगातार 3 दिन के लिए टोल प्लाजा बंद रखने का एलान किया है। जिसके तहत सुबह-सुबह अंबाला अमृतसर नेशनल हाइवे पर स्थित शंभु टोल प्लाजा पर पहुंचकर किसानों ने टोल को फ्री करवा दिया। किसानों के अनुसार शम्भु टोल प्लाजा को अब 3 दिन के लिए 27 दिसंबर तक फ्री करवा दिया है। किसानों की मानें तो किसान दिल्ली में पिछले एक महीने से बैठे हैं लेकिन सरकार किसानों की मांग मानने को तैयार नहीं है। किसानों का कहना है कि 3 दिन टोल बंद रखने के बाद अगला जो भी फैसला किसान संगठन लेंगे उस पर भी अमल किया जायेगा।

जींद (अनिल कुमार) : सराकर द्वारा लाये गए तीन कृषि कानूनों का विरोध लगातार जारी है और दिन-प्रतिदिन किसानों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। आज जींद में किसान यूनियनों द्वारा टोल फ्री की कॉल के अनुसार जींद में  दिल्ली- पटियाला नैशनल हाइवे पर खटकड़ टोल प्लाजा को सुबह 6 बजे फ्री करवा दिया गया जो आज से लेकर 27 तारिख तक बिल्कुल फ्री रहेगा। दूसरी तरफ जींद में किसान यूनियन, मजदूर व अन्य कई यूनियन आज दोपहर जींद में बीजेपी विधायक कृष्ण मिड्डा के आवास, कार्यलय का घेराव करेंगें व आज जींद की सभी अनाज मंडी पूरी तरह से बन्द रहेगी ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static