कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर की जनता का किया अपमान- अशोक अरोड़ा

punjabkesari.in Friday, Jul 22, 2022 - 10:10 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): राज्यसभा चुनाव में कांग्रेसी विधायक कुलदीप बिश्नोई की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई ने पार्टी के खिलाफ वोट करके अपनी विधानसभा के सभी मतदाताओं का अपमान किया है। अगर उन्हें कोई नाराजगी थी तो उन्हें कांग्रेस के खिलाफ वोट करने की बजाए वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने इस मौके पर भाजपा से सवाल करते हुए पूछा कि क्या भाजपा के राज में लगातार महंगाई नहीं बढ़ी। जो वस्तुएं पिछले 75 साल से टैक्स के दायरे में नहीं थी, उन पर भी टैक्स लगा दिया गया है। आटा दूध,दही,मक्खन जैसी वस्तुओं को बीजेपी सरकार ने जीएसटी के दायरे में ला दिया है।

अरोड़ा बोले, विपक्ष को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही सरकार

अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज देश का रुपया लगातार गिर रहा है और डॉलर ने रिकॉर्ड 80 को पार कर लिया है। भाजपा बताएं कि क्या उनकी पार्टी में भ्रष्टाचार नहीं है। क्या लगातार बेरोजगारी में बढ़ोतरी नहीं हुई। अरोड़ा ने कहा कि इन सभी बातों की तरफ से ध्यान भटकाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ईडी व सीबीआई जैसी विश्वसनीय लोकतांत्रिक एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षिय को दबाने के लिए कर रही है। अगर ऐसा होता रहा तो देश की व्यवस्थाओं को सही ढंग से चलाने के लिए बनाई गई एजेंसियों से जनता का विश्वास उठ जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि पार्लियामेंट में सेशन शुरू होने के एक दिन बाद ही सोनिया गांधी को ईडी द्वारा बुलाना एक प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर  अरोड़ा ने जताई चिंता

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने डीएसपी हत्याकांड मामले में ज्यूडिशरी जांच के फैसले को अच्छा कदम बताते हुए कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ जाना एक बेहद चिंता का विषय है। जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी हमले हो रहे हैं, तो जनता आखिर कैसे सुरक्षित रहेगी । इस सरकार में पहले तो व्यापारियों व डॉक्टरों से फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आती थी, लेकिन अब विधायकों तथा उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगी जा रही है। नारनौल में शिक्षण संस्थान में गोलियां चली, असंध के अस्पताल में गोलियां चली, कुरुक्षेत्र में एक दुकान को आग लगा दी गई, अब डीएसपी की हत्या हुई।  इस प्रकार के अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सरकार को इसे लेकर गंभीरता से कदम उठाते हुए सख्ती करनी चाहिए। अरोड़ा ने कहा कि विधायक लाखो मतदाताओं का चुना हुआ प्रतिनिधि अगर जनता के दुख सुख में शरीक ना हो सके, उनकी आवाज नहीं उठा सके, उनके बच्चे स्कूल ना जा सके, तो इससे चिंतनीय विषय नहीं हो सकता। इसलिए इस दुख में रोष जताते हुए एक विधायक ने इस्तीफा दिया था। अरोड़ा ने कहा कि सेशन में हमारे विधायक मौजूदा ज्वलंत मुद्दों बेरोजगारी, महंगाई, बिगड़ी कानून व्यवस्था और अपने क्षेत्र की आवाज को बुलंद करेंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static