कच्ची उम्र में बाबुल के घर से विदाई नहीं चाहती हरियाणा की लाडो

punjabkesari.in Sunday, Jul 18, 2021 - 05:53 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय संविधान में संशोधन कर लड़कियों के विवाह की आयु 18 साल से बढ़ाकर 21 साल करने की मांग जोर पकड़ रही है। हर साल करीब 15 लाख बाल विवाह होने से चिंतित हरियाणा की लड़कियों ने शादी की उम्र बढ़वाने का बीड़ा जबरदस्त तरीके से उठाया है। मौका था लाडो पंचायत का, जिसमें हरियाणा, पंजाब, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मुंबई की लड़कियों ने भागीदारी करते हुए कानून में संशोधन कर लड़कियों को हर तरह की आजादी की पुरजोर वकालत की। ऑनलाइन हुए लाडो पंचायत वेबिनार में लड़कियों ने दलील दी है कि शादी की उम्र 21 किए जाने का देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक बदलाव और लड़कियों की निजी आजादी पर बहुत सकारात्मक असर पड़ेगा। 

देश की पहली लाडो पंचायत कराने के सूत्रधार बने सेल्फी विद डाटर फाउंडेशन के संयोजक सुनील जागलान, जिन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम का सूत्रपात किया। बाद में यह मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट बन गया, जो अब तक चल रहा है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत भी हरियाणा के पानीपत में हुई थी। सुनील जागलान की सेल्फी विद डाटर मुहिम दुनिया के कई देशों तक पहुंची। लाडो पंचायत में अधिकतर लड़कियों ने कहा कि शादी की उम्र 21 साल करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच सकारात्मक है। पिछले साल 15 अगस्त को 74वें स्वतंत्रता दिवस पर लड़कियों के लिए शादी की न्यूनतम आयु सीमा पर पुनर्विचार करने के उद्देश्य से उन्होंने एक उच्च स्तरीय समिति भी गठित करने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक समिति की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आ सकी। प्रधानमंत्री को इस बारे में समिति को अपनी रिपोर्ट तत्परता के साथ पेश करने के निर्देश देने चाहिए।

लाडो पंचायत में लड़कियों ने कहा कि 18 साल की उम्र में शादियां हो जाने से वह न तो अपनी पढ़ाई पूरी कर पाती हैं और न ही आत्मनिर्भर बन सकती हैं। माता-पिता लड़की को सिलाई-कढ़ाई सिखाकर और खाना बनाना व कपड़े धोना सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर मान लेते हैं, जबकि हकीकत यह है कि लाखों बच्चियों को इस कानून की आड़ में 18 साल से पहले ही पराये घर भेज दिया जाता है। यहां से शुरू होता है उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक शोषण। खेलने, खाने, सीखने, पढ़ने और आत्मनिर्भर बनने की उम्र में ऐसी बच्चियां शारीरिक व मानसिक तकलीफ झेल रही होती हैं। 18 साल की उम्र तक तो कोई लड़की स्नातक की पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पाती। शादी के बाद उसके पढ़ने, लिखने और आत्मनिर्भर बनकर पति पर निर्भर नहीं रहने के विकल्प भी खुले नहीं होते। 

लाडो पंचायत में रिषिद्धा कटना, प्रियंका वर्मा, अंजू, निशात रून, रीना, पारुल पंघेल, रेणु शर्मा, बाला, नीतू पंवार, तमन्ना, अनवी, आशू, रीता पंवार, रितिका, प्रियांशी जाखड़, संजना और कविता सहरावत ने स्पष्ट तौर पर कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र 21 साल करने के बारे में केंद्र को विचार करना चाहिए। मेवात की निशात रून ने कहा कि लाडो पंचायत से उन्हें अपनी दिल की बात कहने का मौका मिला है और सरकार को 21 वर्ष करने के साथ आसपास कालेज व स्कूल अपग्रेड करने चाहिए। महाराष्ट्र से जुड़े कृष्णा वानखेड़े ने इस बारे में इस वेबिनार की पूरी प्रोसेडिंग प्रधानमंत्री कार्यालय में भेजने का सुझाव दिया। सुनील जागलान ने कहा कि इस लाडो पंचायत की रिपोर्ट बनाकर प्रधानमंत्री कार्यालय व महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्ली में भेजा जाऐगा तथा यह लाडो पंचायत जारी रहेगी। 

सोहना के एक स्कूल में आठवीं की 18 लड़कियों के विवाह तय
लाडो पंचायत के संयोजक सुनील जागलान ने एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि गुरुग्राम के सोहना ब्लॉक में वह लड़कियों के एक स्कूल में गए। कोरोना से पहले वहां कक्षा आठ की 28 लड़कियों से उनकी मुलाकात हुई। कुछ दिनों के बाद जब लड़कियां घुल-मिल गई तो पता चला कि इनमें से 18 लड़कियों की शादियां तय हो चुकी हैं। इस बारे में जब उनसे पूछा तो इन लड़कियों को शादी के बारे में कुछ भी पता नहीं था। मेकअप, गाजा-बाजा और गहने-आभूषणों को ही वह शादी मानते हुए अपने सपनों का संसार बुन रही थी। लाडो पंचायत ऐसी मानसिकता के खिलाफ एक बड़ा प्रहार करने की तैयारी में है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static