0001 नंबर की गाड़ी, लाइसेंसी रिवाल्वर और एक गाड़ी में मृत मिला वकील...रोहतक में BJP नेत्री के पति का सुसाइड

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 09:47 AM (IST)

रोहतक(दीपक): शहर के बीचोंबीच कांग्रेस भवन के बाहर बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 0001 नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में एक वकील का शव मिला। मृतक की पहचान पूर्व पार्षद दीपिका नारा के पति प्रदीप नारा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल और गाड़ी की गहनता से जांच की।

पुलिस के अनुसार, उन्हें आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो स्कॉर्पियो में व्यक्ति का शव मिला। उसके सिर की कनपटी पर गोली लगी हुई थी। पुलिस ने मौके से एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद किया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जानी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में वकील की मौत हुई।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने स्कॉर्पियो के अंदर और आसपास से संभावित साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके। खास बात यह है कि घटनास्थल से एसपी कार्यालय, सिविल लाइन थाना और महिला पुलिस थाना महज कुछ दूरी पर स्थित हैं। शहर के महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से लोगों में भी चर्चा का माहौल है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटनास्थल पर उस समय कौन-कौन मौजूद था। मृतक के मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static