इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार..शादी को लेकर तकरार के बाद प्रेमिका की मां की हत्या, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 04:47 PM (IST)
सोनीपत (सुशील मोर) : सोनीपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्यार के बाद शादी को लेकर हुए विवाद में प्रेमिका की मां की हत्या का आरोप उसके प्रेमी पर लगा है। शुरुआत में महिला की मौत करंट लगने से होना बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी।
रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी विशाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनीपत के गांव मुकीमपुर का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रामेश्वरी अपनी इकलौती बेटी जानवी के साथ सोनीपत के सेक्टर-15 में किराए के मकान में रहती थी।जानवी की इंस्टाग्राम के जरिए विशाल से दोस्ती हुई थी। बताया जा रहा है कि विशाल डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है, जबकि जानवी इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती है।
बीती 3 अक्टूबर को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर से पुलिस को रामेश्वरी की मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती सूचना में महिला की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई थी। घटना के समय रामेश्वरी की बेटी जानवी और उसका दोस्त विशाल मौके पर मौजूद थे।
4 अक्टूबर को सेक्टर-27 थाना पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद 5 अक्टूबर को सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम खुलासा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक रामेश्वरी की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विशाल ने रामेश्वरी की हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद मौत को करंट लगने से हुई मौत बताकर मामले को छिपाने की कोशिश की गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी विशाल को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में किसी अन्य की भूमिका की भी जांच की जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)