अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, गोगी गैंग सरगना समेत 3 भगोड़ों पर पुलिस का शिकंजा...घरों से AC से लेकर फर्नीचर तक जब्त
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 01:37 PM (IST)
हरियाणा डेस्क: UP के शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू और शूटर आर्यन संधू व सत्यम कादियान के हरियाणा स्थित घरों पर कुर्की की कार्रवाई की। तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
सोनीपत और करनाल में कुर्की
सीओ जितेंद्र यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने हरियाणा के सोनीपत और करनाल में आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान घरों से एसी, वाशिंग मशीन, जिम उपकरण, सेफ और फर्नीचर समेत लाखों रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
यह था मामला
बता दें कि UP के शामली में 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे अंकित बलियान शामली के नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उन पर गोली चला दी थी। वारदात में अंकित की मौत हो गई थी। हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आने से मामले ने नया मोड़ लिया था।

पोस्ट में भोलू शाहपुरिया ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस ने पोस्ट की तकनीकी जांच शुरू की। जांच में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और भोलू से जुड़े लोगों के संबंध सामने आने की बात कही गई थी। भोलू लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
बता दें कि बालियान हत्याकांड में भोलू शाहपुरिया के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय ने उसकी फरारी की उद्घोषणा की। तीन अक्टूबर को न्यायालय ने भोलू समेत तीन फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)