बीबीपुर मॉडल की नई मिसाल बनेगा मनोहर लाल का बनियानी, गांव की बदलेगी तस्वीर
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 07:05 PM (IST)
रोहतक : महिला सशक्तीकरण के माध्यम से ग्रामीण विकास की नई राह प्रशस्त करने वाले बीबीपुर मॉडल को अब हरियाणा के रोहतक जिले के कलानौर ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत बनियानी में लागू किया जाएगा। जिले की यह इकलौती पंचायत है, जिसे सुनील जागलान ने अपने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से प्रशंसित ‘बीबीपुर मॉडल ऑफ विमेन एम्पावरमेंट एंड विलेज डेवलपमेंट’ के अंतर्गत चयनित किया है।
इस चयन के साथ बनियानी गांव में महिलाओं और बच्चों के अनुकूल सुविधाओं का जाल बिछाया जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों में गुणात्मक सुधार आने की उम्मीद है।
बीबीपुर मॉडल के संस्थापक सुनील जागलान ने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन चयन प्रक्रिया के माध्यम से बनियानी का चयन किया गया है। एक वर्ष का विस्तृत रोडमैप तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत पंचायत को महिला और बाल हितैषी पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। जागलान ने कहा कि इस मॉडल का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांव की महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना और बच्चों के लिए सुरक्षित व सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
बनियानी के सरपंच रामजीवन ने बताया कि बीबीपुर मॉडल की महिला एवं बाल हितैषी थीम से गांव में नई ऊर्जा का संचार हो गया है। अब बच्चों और महिलाओं के विकास के लिए ठोस काम हो रहा है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारे गांव में यह मॉडल लागू हो रहा है। ग्रामीणों में यह विश्वास गहराया है कि बनियानी अब अन्य पंचायतों के लिए एक उदाहरण बनेगा और गांव की तस्वीर बदलेगी।
यह मॉडल सुनील जागलान की उसी सोच का विस्तार है, जिसने वर्ष 2010 में जींद के बीबीपुर गांव के सरपंच रहते हुए देश की पहली डिजिटल पंचायत, महिला हितैषी पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, ग्राम सचिवालय, ई-ग्रामसभा, पुस्तकालय और महिला ग्राम की अवधारणा को जमीन पर उतारा था। जागलान ने दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीते।
उनके ‘सेल्फी विद डॉटर’ अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कई बार प्रशंसा की। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन द्वारा गोद लिए गए गांवों में बीबीपुर मॉडल लागू करवाया था। इस मॉडल पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘सनराइज’ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला तथा आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में ‘ए विलेज नेम्ड बीबीपुर’ पाठ शामिल किया गया।
अब तक देश के हज़ारों गांवों में यह मॉडल अपनाया जा चुका है और हजारों पंचायतों में ग्रामीण विकास के सहायक उपकरण के रूप में इसका उपयोग हो रहा है। बनियानी में इसे जमीनी स्तर पर लागू करने से महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ समग्र विकास की नई मिसाल पेश होने की संभावना है। यह पहल न केवल एक गांव की नियति बदलने का माध्यम बनेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में सुशासन और समावेशी विकास की लहर पैदा करेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)