शहीदी स्मारक, खेलों एवं अन्य परिजनाओं से अम्बाला को विश्व पटल पर मिलेगी नई पहचान: मनोहर लाल

punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2022 - 04:48 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अम्बाला पहले साइंस और मिक्सी उद्योग से जाना जाता था, मगर बीते सालों में जिस प्रकार से अम्बाला में शहीदी स्मारक, खेलों एवं अन्य परियोजनाओं पर काम किया गया है उससे अम्बाला को अंतरराष्ट्रीय पटल पर नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार अम्बाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में गृह मंत्री अनिल विज एवं सांसद रतन लाल कटारिया की उपस्थिति में 38.69 करोड़ रुपए की लागत से ऑल वैदर स्वीमिंग पुल, 12.96 करोड़ रुपए की लागत से एससी ब्वॉयज स्पोर्टस होस्टल और 41.52 करोड़ रुपए की लागत से अम्बाला छावनी उपमंडल परिसर का उद्घाटन के दौरान आभार जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 की मेजबानी का हरियाणा को अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा पंचकूला के अलावा अम्बाला छावनी, शाहबाद, चंडीगढ़ व दिल्ली में खेल मुकाबले होंगे। अम्बाला छावनी में उत्तर भारत के बेहतरीन किस्म का स्वीमिंग पुल का निर्माण किया गया है जिससे युवाओं को स्वीमिंग के क्षेत्र में आगे बढऩे का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अम्बाला में स्वीमिंग की अकादमी बनाई जाएगी जिसमें सालभर तैराकी प्रतियोगिताएं होंगी और देश दूनिया के तैराक आऐंगे जिससे स्थानीय लोग भी यहां तैराकी सीख पाएंगे।

उन्होंने कहा शिक्षा के साथ-साथ युवा हुनरमंद भी बनें इसके लिए एक यूनिवर्सिटी भी हरियाणा में स्थापित की गई है जिसमें हुनर से संबंधित 800 कलाएं सुचिबद्ध की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनीपत राई में स्थित स्पोर्टस स्कूल को खेल यूनिवर्सिटी बनाया जायेगा जिससे कि हरियाणा खेलों का हब बनेगा, वहां पर खेलों से सम्बन्धित रिसर्च होंगी और खेलों को बढावा देने के लिए नई-नई योजनाओं पर काम किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय पहलवान को प्रतीक रूप में जोड़ते हुए यह नारा लगाया और खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेने वाले सभी खिलाडियों को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्बाला को उद्योग का केन्द्र बनाना चाहते हैं जिस प्रकार से दक्षिण में गुरूग्राम है उसी प्रकार उत्तर में अम्बाला उद्योग विकसित हों तथा इनवेस्टर यहां पर आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्बाला छावनी में 1857 की क्रांति से सम्बन्धित शहीदी स्मारक बनाया जा रहा है जिस पर 300 करोड रूपये की खर्च होगी और यह देश-दूनिया के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा। 

खेलों का विश्व स्तरीय ढांचा अम्बाला छावनी में खड़ा किया : अनिल विज
इस अवसर पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हम चाहते हैं कि युवाओं में जो शक्ति है वह सकारात्मक कार्यों की ओर लगे। इसलिए अम्बाला छावनी में खेलों का विश्वस्तरीय ढांचा तैयार किया गया है। श्री विज ने कहा कि कई वर्षों तक विकास से महरूम रहने के बाद हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का पहिया बड़ी तेजी से घूम रहा है। इसी प्रकार हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी के नेतृत्व में चहुमुखी विकास हो रहा है और अम्बाला में भी उसका असर देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हम यहां फीफा एप्रूवड फुटबाल स्टेडियम बना रहे हैं, यहां राष्ट्रीय स्तर का बैडमिंटन एवं योगा हॉल बनाकर दिया गया है। उन्होंने कहा अम्बाला में इतनी सारी सुविधाएं हमें कर्मठ मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी की वजह से मिल पा रही है क्योंकि मनोहर लाल जी चाहते हैं कि काम होने चाहिए, लोगों को सुविधाएं मिलनी चाहिए। युग बीत गए सुविधाओं की आस में, मगर अब हमें आगे जाना है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खेलों इंडिया के व्यस्त कार्यक्रम के बीच अम्बाला छावनी में उद्घाटन के लिए समय निकाला और इसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करता हैं। 

मनोहर लाल बोले ‘विज साहब आपका कोई भी काम रुकने नहीं दिया जाए’, गृह मंत्री विज ने सैल्यूट कर धन्यवाद जताया
मंच से लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृह मंत्री अनिल विज के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि ‘विज साहब आप कोई भी प्रोजेक्ट ले आईए, आपके किसी भी प्रोजेक्ट को रुकने नहीं दिया जाएगा। जो प्रोजेक्ट होगा वह पूरा किया जाएगा। चाहे अम्बाला जिले में कहीं भी कोई प्रोजेक्टआप लाए उसे पूरा किया जाएगा।‘ मुख्यमंत्री इस कथन पर गृह मंत्री अनिल विज ने सैल्यूट कर धन्यवाद व्यक्त किया।

उत्तर भारत का आधुनिक ऑल वेदर स्वीमिंग पुल अम्बाला में स्थापित : अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज के तीनों प्रकल्पों का उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी द्वारा किया जा रहा है। श्री विज ने कहा कि उन्हें हर्ष हो रहा है कि ऑल वेदर स्वीमिंग पुल है उत्तरी भारत का आधुनिक एवं प्रमुख स्वीमिंग पुल है जिसके मुकाबले का स्वीमिंग पुल नहीं है और खेलों इंडिया के अवसर पर इसका उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग साढ़े 8 हजार बच्चे खेलों इंडिया में भाग लेने हरियाणा आ रहे हैं। उन्होंने हरियाणा को खेलों इंडिया की मेजबानी के लिए चुनने पर केंद्र सरकार का मंच से आभार भी जताया। उन्होंने कहा हरियाणा ने आंखें बिछाकर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कुछ गेम अम्बाला व शाहबाद में होगी। अम्बाला में जिम्नास्टिक व स्वीमिंग की स्पर्धा होगी और यह अम्बाला के लिए सौभाग्य की बात है। यहां स्वीमिंग और जिम्नास्टिक का राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बना हुआ है और यह हमारे के लिए गर्व की बात है कि 38.69 करोड़ की लागत से ऑल वेदर स्वीमिंग पुल बनाया गया है। स्वीमिंग पुल के ऊपर बाक्सिंग हॉल भी बना है। इसके अलावा यहां मैस एवं किचन भी है, 750 दर्शकों के बैठने की सुविधा भी है। यहां खिलाड़ियों के लिए टच पैड सुविधा और तैराक पैड पर टच करके अपना प्रदर्शन स्क्रीन पर दिखे सकेंगे। यह साउंड प्रूफ हॉल है, यहां मीडिया गैलरी, सोलर वॉटर हीटिंग सिस्टम, फिल्टरेशन प्लांट, वाई-फाई युक्त बिल्डिंग एवं अन्य सुविधाएं भी हैं। 

ब्वॉयज स्पोर्टस होस्टल व उपमंडल परिसर में भी कई सुविधाएं : अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वीमिंग पूल के साथ ब्वॉयज स्पोर्टस होस्टल एवं उपमंडल परिसर में भी कई सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। स्पोर्ट्स होस्टल में 160 खिलाड़ियों, कोचिस एवं स्टाफ के रहने की सुविधा है। यहां 24 कमरे और 8 डोर मेट्ररी है, यहां फिजियोथेरेपी रूम, डाइनिंग हाल, मेस, मल्टीपरप्स हॉल, कुश्ती हॉल, 2 लिफ्ट, टेबल टेनिस हॉल सहित कई सुविधाएं हैं। अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनने के बाद हमने 30 नवंबर 2016 को अम्बाला छावनी को उपमंडल का दर्जा दिया और आज इसी उपमंडल परिसर का उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किया गया है। इससे पहले अम्बाला छावनी के लोगों को अपने लाइसेंस तक रिन्यू कराने के लिए 14 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। हमनें उनका समय व पेट्रोल बचाने का कार्य किया। 41.52 करोड़ की लागत से चार मंजिला उपमंडल परिसर बनाया गया है। यहां बेसमेंट में पार्किंग में 100 से ज्यादा कारें खड़ी की जा सकती है। इसमें स्टेट ऑफ आर्ट सेंट्रल लाइब्रेरी है और जल्द यहां डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी और इसके लिए ढाई करोड़ रुपए मंजूर हो चुका है। यहां वीडियो कांफ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, पूरी बिल्डिंग सेंट्रलाइज्ड एसी युक्त है एवं अन्य सुविधाएं है। 

पुलिस कमिश्नरी खत्म करवाई एवं अम्बाला छावनी में नगर परिषद बनाकर सुविधाएं दी : विज 
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पहले यहां नगर निगम था और छोटे कार्य के लिए छावनी के लोगों को सिटी निगम कार्यालय जाना पड़ता था, हमने नगर परिषद बनाकर लोगों को सुविधाएं दी। पहले पुलिस कमिश्नरी थी जिसे खत्म कर अम्बाला रेंज बनाई गई और अब अम्बाला में आईजी बैठते हैं। 

20 दिनों में 1600 मरीज कैंसर अस्पताल में आए ईलाज कराने : विज
गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी द्वारा अटल कैंसर केयर केंद्र का उद्धाटन किया गया। उद्घाटन के 20 दिनों बाद वह अस्पताल में निरीक्षण करने गया तो पाया कि वहां 20 दिन में 1600 मरीज ईलाज के लिए रजिस्टर हो चुके थे और लखनऊ से लेकर हिमाचल प्रदेश तक मरीज यहां आए थे। यानि इस अस्पताल की इतनी आवश्यता था। हमने उच्च स्तर का अटल कैंसर अस्पताल हमने बनाकर दिया। 

उद्घाटन के बाद जिम्नास्टिक हाल, होस्टल व उपमंडल परिसर का निरीक्षण किया
उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृह मंत्री अनिल विज के साथ स्टेडियम में जिम्नास्टिक हॉल, स्पोर्टस होस्टल एवं उप मंडल परिसर का निरीक्षण किया। गृह मंत्री विज ने सभी नवनिर्मित भवनों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। 

तैराकी संघ के अध्यक्ष राजिंद्र विज ने धन्यवाद जताया
कार्यक्रम के अंत में जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष राजिंद्र विज ने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्हीं के प्रयासों से अम्बाला में खेलों की विश्वस्तरीय सुविधाएं मिली है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी। 

यह लोग मौजूद रहे
इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम हितेष कुमार, एसडीएम डा0 बलप्रीत सिंह, खेल विभाग की उप निदेशक कविता रानी, तैराकी संघ के अध्यक्ष राजिंद्र विज, डीएसओ राम निवास, मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, किरण पाल चौहान, अजय पराशर, संजीव वालिया, बी एस बिन्द्रा, विजेन्द्र चौहान, सुरेन्द्र तिवारी, विशाल गुप्ता, अजय बवेजा, बलकेस वत्स, अभिकांत वत्स सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व गणमान्य लोग व खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static