CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर सील, लगा जाम, 13 ट्रेनें रद्द, मेट्रो स्टेशन पर भी पुलिस बल तैनात

punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 10:54 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): शनिवार को दिल्ली में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। इस कड़ी सुरक्षा के का असर गुड़गांव में देखने को मिला। शाम को दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर को सील किए जाने के बाद गुड़गांव में जाम लग गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुड़गांव से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को जाम में फंसे रहने को मजबूर होना पड़ा। शाम से ही सरहोल बॉर्डर से लेकर गुड़गांव के अंदर करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। हालांकि गुड़गांव पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक रूटों से दिल्ली की ओर भेजा ताकि वाहन चालकों को जाम से न जूझना पड़े। बावजूद इसके भी वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर ही नहीं बल्कि गुड़गांव महरोली रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार देखी गई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर आज दिल्ली मेट्रो ने भी दिल्ली के 57 स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश व निकासी बंद कर दी। मेट्रो अधिकारियों की मानें तो यह प्रतिबंध शनिवार शाम तक रहेगा। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो स्टेशन पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। वहीं, गुड़गांव में मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और यात्रियों को पोस्टर के माध्यम से बताया जा रहा है कि दिल्ली में किसी भी तरह का प्रदर्शन गैर कानूनी है। गुड़गांव में आने वाले दिल्ली मेट्रो के द्रोणाचार्य, सिकंदरपुर, एमजी रोड, इफको चौक और मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रत्येक संदिग्ध की जांच करने के बाद ही उन्हें मेट्रो में सफर के लिए अनुमति दी गई। उधर, एहतियाद के तौर पर रेलवे ने भी दिल्ली रेवाड़ी रूट पर चलने वाली 13 रूटों की ट्रेनों को शनिवार के लिए रद्द कर दिया है। इस रूट पर ट्रेन शनिवार सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक रद्द की गई है। इसके अलावा फरीदाबाद, हिसार, पानीपत और कुरूक्षेत्र से दिल्ली आने वाली ट्रेन को भी रद्द किया है। वहीं कुल मिलाकर 120 ट्रेन रद्द की गई है।

 

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि 14030 मेरठ कैंट से नई दिल्ली से श्री गंगा नगर, 14029 श्री गंगा नगर से नई दिल्ली से मेरठ कैंट, 54417 दिल्ली जंक्शन से रेवाड़ी, 54420 रेवाड़ी से दिल्ली जंक्शन, 54421 दिल्ली से रेवाडी, 54413 दिल्ली से रेवाड़ी, 54414 रेवाडी से दिल्ली, 54411 रेवाड़ी से दिल्ली से मेरठ, 54309 दिल्ली से रेवाड़ी से हिसार, 74003 रेवाडी से दिल्ली, 74002 दिल्ली से रेवाड़ी, 74032 फर्रूखनगर-गढ़ी हरसरू-दिल्ली सराय काले खां व 74037 दिल्ली सराय काले खां-गढ़ी हरसरु-फर्रूखनगर की ट्रेन को रद्द किया गया है। इसके अलावा दिल्ली कूंच की संभावना को देखते हुए कांग्रेसियों को भी पुलिस ने घर पर ही नजरबंद कर दिया है। पुलिस ने गुड़गांव के कांग्रेस पदाधिकारियों के घर के बाहर ही डेरा डाल दिया और उनकी प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static